Bareilly violence: 55 व्हाट्सएप कॉल और 1600 उपद्रवियों की साजिश... इस व्यक्ति ने रची थी खतरनाक योजना; सामने आई बवाल की सच्चाई

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बरेलीः बरेली में हुए बवाल के पीछे एक सुनियोजित साजिश थी, जिसका मास्टरमाइंड था इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) का पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खां। नदीम ने 55 लोगों को व्हाट्सएप कॉल के जरिए बवाल की योजना बनाई और 1600 लोगों को जुटाया। इन लोगों को निर्देश दिया गया कि सीएए-एनआरसी विरोध की तरह नाबालिगों को आगे रखकर अराजकता फैलाई जाए। खलील स्कूल तिराहे और श्यामगंज में इन्हीं लोगों ने माहौल को बिगाड़ा। नदीम अब फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया और पूछताछ में साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, मौलाना तौकीर रजा की मंशा ज्ञापन देने की नहीं, बल्कि इस्लामिया मैदान पर अनिश्चितकालीन धरना देकर शक्ति प्रदर्शन करने की थी, जिसमें वह असफल रहा। 

पुलिस को धोखा देने की चाल

गुरुवार रात को नदीम, नफीस और लियाकत ने पुलिस को पत्र देकर दावा किया कि मौलाना तौकीर शुक्रवार को कोई प्रदर्शन नहीं करेंगे और वह आईएमसी समर्थकों को यह सूचना दे देंगे। लेकिन रात 2 बजे नदीम ने आईएमसी के व्हाट्सएप ग्रुप में यह पत्र पोस्ट कर इसे फर्जी बताया। इसके बाद उसने फोन बंद कर लिया और गायब हो गया। शुक्रवार दोपहर वह फिर सक्रिय हुआ और 55 लोगों को कॉल कर आईएमसी के प्रभाव वाले इलाकों में भीड़ जुटाने का निर्देश दिया। 

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि नदीम ने पुलिस और जनता दोनों को गुमराह किया। वह अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। 

स्कूल प्रबंधन से नहीं ली अनुमति

इस्लामिया मैदान में प्रदर्शन की घोषणा के लिए न तो मौलाना तौकीर और न ही आईएमसी ने स्कूल प्रबंधन से अनुमति ली थी। स्कूल के प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी ने बताया कि न तो अनुमति मांगी गई और न ही दी गई। जिला प्रशासन ने भी आयोजन की अनुमति नहीं दी थी, इसलिए स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई इजाजत नहीं थी। 

कॉल डिटेल से खुलेगा साजिश का राज

बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि चक महमूद के अनीस सकलैनी और नदीम ने भीड़ को उकसाया और इस्लामिया मैदान की ओर ले जाने की कोशिश की। दोनों फोन पर किसी से निर्देश ले रहे थे और नारेबाजी के साथ पुलिस पर पथराव करवाया। पुलिस अब उनकी कॉल डिटेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें निर्देश कौन दे रहा था। 

बरेली बवाल: मौलाना तौकीर समेत आठ गिरफ्तार, इंटरनेट बंद

आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा समेत आठ आरोपियों को शनिवार तड़के गिरफ्तार किया गया। एहतियातन जिले में 29 सितंबर रात 12:30 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस की झड़प में 22 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। 

39 लोग हिरासत में, 10 मुकदमे दर्ज

पांच थानों में 10 मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें 125 लोग नामजद हैं। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि कोतवाली में पांच, बारादरी में दो, और किला, प्रेमनगर, कैंट थानों में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई। 39 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वीडियो फुटेज के जरिए तीन हजार अज्ञात उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। 

आरोपियों को जेल, साजिश की जांच

कोर्ट ने सभी आठ आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। मौलाना तौकीर को फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल और बाकी आरोपियों को बरेली सेंट्रल जेल-टू भेजा गया। एसएसपी ने बताया कि खलील हायर सेकंडरी स्कूल तिराहे पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की। दो बाइकों में तोड़फोड़ भी हुई। 

पर्दे के पीछे की साजिश

मौलाना तौकीर के बुलावे पर भीड़ जुटी, लेकिन कई लोग पर्दे के पीछे से साजिश रच रहे थे। पुलिस जांच में उनके मकसद का खुलासा होगा। मौके से पत्थर, जूते-चप्पल, टूटे बैरिकेड, तमंचा, कारतूस, ब्लेड, चाकू और पेट्रोल की गंध वाली टूटी बोतलें मिलीं। 

गिरफ्तार अन्य सात आरोपी

मनीफुद्दीन, अजीम अहमद, मोहम्मद शरीफ, आमिर, निहाल, सरफराज पुत्र शमीम, और सरफराज पुत्र सलीम। 

कैसे शुरू हुआ बवाल?

शुक्रवार को तौकीर द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन रद्द होने से नाराज भीड़ सड़कों पर उतरी। उनके उकसावे पर खलील तिराहे से इस्लामिया मैदान तक अराजकता फैली। तौकीर ने रात फरहत के घर बिताई, जबकि समर्थकों को बताया गया कि वह दिल्ली गए हैं। 

एसआईटी करेगी जांच

डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच कमेटी (एसआईटी) गठित होगी। भविष्य में मौलाना और अन्य आरोपियों पर रासुका लगाने पर विचार किया जा सकता है। कोतवाली के पांच मामलों की जांच सीबीगंज इंस्पेक्टर को और बारादरी के दो मामलों की जांच इज्जतनगर थाने को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ेंः TVK Vijay Rally Stampede: तमिनलाडु के करूर में मची भगदड़, 39 की मौत... कई घायल, छलका CM स्टालिन का दर्द, पुलिस ने दर्ज की FIR

संबंधित समाचार