UP : बरेली जा रहे पूर्व सांसद दानिश अली घर में नजरबंद, अधिकारियों से हुई नोकझोंक
अमरोहा, अमृत विचार। बरेली जाने की सूचना पर पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली को पुलिस व प्रशासन ने हाउस अरेस्ट कर लिया। सुबह तड़के से ही उनके घर पुलिस फोर्स लगा दी गई थी। जैसे ही वह कार से जाने लगे तभी पुलिस ने गेट का ताला लगा दिया। बाहर निकलने को लेकर खूब नोकझोंक हुई। दानिश अली ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। कहा कि उन्हें जानबूझकर रोकने की कोशिश की जा रही है।
बुधवार की सुबह से ही पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली के घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। घर के बाहर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। एसडीएम सदर विजय दुबे, सीओ अवधमान भदौरिया, नगर कोतवाल पंकज तोमर पहुंच गए । पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंवर दानिश अली बरेली जाने जा रहे हैं जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। करीब 12 बजे कुवंर दानिश अली अपने आवास से उतरे और सीधा गाड़ी में बैठ गए। गेट से बाहर निकलने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान दानिश अली और पुलिस अधिकारियों की कुछ नोकझोंक भी हुई।
कुंवर दानिश अली ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जानबूझकर रोकने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश में लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज नहीं है। घर में न बाहर सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि बरेली कांड के बाद कोई मुख्यमंत्री इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर सकता है यह अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि बरेली में बेगुनाहों को जेल में भेजा जा रहा है। उनके घर तोड़े जा रहे हैं। कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। कहा कि हम गांधी को मानने वाले लोग हैं, शांति में विश्वास रखते है। इसलिए शांति के साथ बरेली में लोगों से मुलाकात करने जा रहे थे। लेकिन सरकार ने हाउस अरेस्ट कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
