मोदी ने फिलीपींस में भूकंप से हुयी जनहानि पर जताया शोक

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

नई दिल्ली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिलीपींस में मंगलवार रात आए विनाशकारी भूकंप से भारी जनहानि और व्यापक क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 

मोदी ने यह भी दोहराया कि इस कठिन समय में भारत फिलीपींस के साथ एकजुटता से खड़ा है। फिलीपींस भूकंप आपदा पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "फिलीपींस में आए भूकंप से हुई जनहानि और व्यापक क्षति की खबर सुनकर अत्यंत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस कठिन समय में भारत फिलीपींस के साथ एकजुटता से खड़ा है।"

गौरतलब है कि फिलीपींस के सेबू प्रांत में मंगलवार रात को भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.9 मापी गयी थी। भूकंप से अब तक 69 लोगों की जान चली गयी है और 150 से अधिक घायल हो गए हैं। भूकंप का केंद्र सेबू आइलैंड के बोगो शहर के पास था। इस शहर की आबादी 90 हजार है। पहले झटके के बाद इलाके में पांच या उससे अधिक तीव्रता के चार और झटके महसूस किए गए।

संबंधित समाचार