कानपुर : दीपावली तक मंजूर होंगी हर विधानसभा की 10-10 सड़कें, नवंबर में शुरू होगा निर्माण कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें गड्ढा युक्त है, जिनपर बजरी और गिट्टियां तक फैली हुई है, लेकिन लोक निर्माण विभाग अपनी सड़कों को पूर्ण रूप से दुरस्त कराने में ज्यादा रूचि नहीं दिखा रहा है। हालांकि विभाग के अधिकारियों ने शहर की प्रत्येक विधानसभा में 10-10 सड़कों की मरम्मत और उनका निर्माण कराने का फैसला लिया है।

दीपावली तक सड़कों का सेंशन और नवंबर माह तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधानसभा वार विभाग द्वारा मरम्मत व निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। दीपावली के त्योहार से पहले शहर को गड्ढामुक्त और चमचमाती सड़कों का तोहफा देने के लिए नगर निगम ने अपने स्तर से तो कार्य शुरू कर दी है।

लेकिन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अपनी सड़कों को दुरस्त कराने में नगर निगम से काफी पीछे नजर आ रहा है। लोक निर्माण विभाग ने हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 10-10 सड़कों के निर्माण और मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके संबंध में पत्रों को भी मुख्यालय भेज दिया गया है, लेकिनमुख्यालय स्तर से सड़कों का सेंशन अभी नहीं होने से विभाग के अधिकारियों के हाथ बंधे हुए हैं।

विभाग द्वारा करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत व निर्माण कार्य कराया जाना है, जिनमे फुटपाथों सहित पूर्ण सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है। इसमे सिविल लाइंस, बिठूर, घाटमपुर, भीतरगांव, महाराजपुर, यश कोठारी चौराहा से बिठूर तक, रावतपुर मार्ग, नौ नंबर क्रासिंग, गोविंद नगर, किदवई नगर समेत आदि जगहों की सड़कें शामिल है।

सड़कों की स्थिति दुरस्त होने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी भी आएगी। अभी सड़कों की दुर्दशा की वजह से बाइक, स्कूटी, ऑटो, ई-रिक्शा व टेंपों सवार लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप कुमार मिश्र के मुताबिक हर विधानसभा से 10-10 से सड़कों की मरम्मत व निर्माण होना है, अक्टूबर माह के अंत तक सड़क सेंशन होने पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। 

चिन्हित 150 सड़कों का हुआ हैं सर्वे 

नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने करीब 150 से अधिक सड़कों का सर्वे किया, लेकिन प्राथमिकता के आधार पर 10 विधानसभा क्षेत्रों पर फोकस किया गया। लोक निर्माण विभाग के अभियंता के मुताबिक मुख्यमंत्री के निर्देश पर टीम लगातार सर्वे करने और मरम्मत आदि का कार्य कर रही है।

कुछ इलाकों में अभी टेंडर प्रक्रिया में देरी की शिकायतें आई हैं, लेकिन कार्यों में रुकावट न आ सके, इसपर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी ने 100 से अधिक सड़कों को चिह्नित किया है और निर्माण खंड-1 व 2 में करीब 46 लाख रुपये आवंटित हुए हैं। इनमे नगर के साथ ही देहात क्षेत्र की सड़के भी शामिल हैं।

संबंधित समाचार