सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित बच्चों को मिलेगी राहत: लोहिया संस्थान और सीपीएआई के बीच हुआ समझौता
लखनऊ, अमृत विचार । सेरेब्रल पाल्सी एक न्यूरोलॉजिकल स्थिति है, जो बच्चों के मानसिक विकास को प्रभावित करती है, जिससे इस समस्या से पीड़ित बच्चों को बोलने, चलने और संतुलन बनाने में दिक्कत आती है। ऐसे बच्चों की सर्जरी, इलाज और पुनर्वास के लिए लोहिया संस्थान और सेरेब्रल पाल्सी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CPAI) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) हुआ है। यह जानकारी डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान स्थित आर्थोपेडिक विभाग के डॉ. प्रभात ने दी है।
उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में रोजाना सेरेब्रल पॉल्सी से पीड़ित 8 से 10 बच्चे ओपीडी में इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में इस एमओयू से यहां आने वाले सैकड़ों बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आयेगा। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से पीड़ित कई बच्चों की सर्जरी करनी पड़ती है, सर्जरी का खर्च तीन हजार के करीब आता है, ऐसे में बच्चों के परिजन सर्जरी तो करा लेते हैं,लेकिन ब्रेसेस नहीं खरीद पाते, क्योंकि उसकी कीमत अधिक होती है। सीपीआई ऐसे बच्चों को निशुल्क ब्रेसेस उपलब्ध करायेगा। उन्होंने बताया कि आज भी कई बच्चों को ब्रेसेस दिया गया है।
डॉ. प्रभात ने बताया कि सेरेब्रल पाल्सी मस्तिष्क को नुकसान पहुंचने पर होता है। गर्भावस्था के दौरान संक्रमण, समय से पहले बच्चे का जन्म भी इस समस्या के जोखिम को बढ़ा सकते हैं। यह जन्म के दौरान या गर्भ में पल रहे बच्चे को हो सकता है, जन्म के कुछ वर्षों बाद भी बच्चों में यह समस्या हो सकती है। इस समस्या से पीड़ित बच्चों का इलाज सर्जरी, फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी समेत उपचार के विभिन्न तरीकों से किया जाता है, जिससे बच्चों को रोजमर्रा की गतिविधियों के लिए आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
विशेष ओपीडी शुरू
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर संस्थान के कक्ष संख्या 22 में एक विशेष ऑर्थोपेडिक सेरेब्रल पाल्सी ओपीडी का उद्घाटन किया गया। यह ओपीडी हर सप्ताह बुधवार के दिन सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित बच्ची के लिए समर्पित होगी यानी यहां पर बुधवार को इन्हीं बच्चों का इलाज होगा। जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच, परामर्श, फिजियोथेरेपी, ऑर्थोटिक सहायता और आवश्यकतानुसार सर्जिकल सुझाव दिए जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह, सेरेब्रल पाल्सी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CPAI) की सचिव डॉ. मंजुषासिंह, लोहिया संस्थान के आर्थोपेडिक विभाग के एचओडी प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार, प्रवक्ता और कार्डियोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. भुवन समेत कई डॉक्टर मौजूद रहे।
