Rampur : कड़ी सुरक्षा के बीच छह परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई प्रवर अधीनस्थ परीक्षा
रामपुर, अमृत विचार। जिले में छह परीक्षा केंद्रों पर राज्य, प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा (पीसीएस) शुरू हो गई। रविवार सुबह 8 बजे से परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। परीक्षा केंद्रों पर 9 बजे तलाशी के पश्चात परीक्षार्थी परीक्षा कक्षों में पहुंचे। परीक्षा के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी। जबकि दूसरी पाली अपराह्न 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। नकलविहीन परीक्षा सीसी टीवी कैमरों की निगरानी में कराई जा रही है। परीक्षा के लिए 2400 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजकीय जुल्फिकार बालिका इंटर कालेज, राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज, राजकीय इंटर कालेज शाहबाद, गुरु नानक इंटर कालेज बिलासपुर और डीएवी इंटर कालेज बिलासपुर में परीक्षा कराई जा रही है।
