Bareilly: बीडीए की नई टाउनशिप की देशभर में चर्चा, पांच सौ ने सुझाया नाम
बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) पीलीभीत बाईपास पर नई टाउनशिप को बसाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रहा है। इस टाउनशिप की विकसित होने से पूर्व बरेली ही नहीं, दूसरे राज्यों में भी चर्चा शुरू हो गई।
ऐसा इसलिए कि बीडीए की इस नवीन टाउनशिप के नाम के सुझाव गैर राज्यों से भी आ रहे हैं। आलम ये है कि अब तक 500 से अधिक नाम बीडीए को गैर राज्यों से लोगों ने भेजे हैं। बीडीए जल्द इन नामों पर मंथन करके एक नाम घोषित करेगा। चयनित नाम का सुझाव देने वाले को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
बीडीए अफसरों के अनुसार, रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के विकास के बाद अब पीलीभीत बाईपास रोड पर नई टाउनशिप को धरातल पर उतारने को लेकर लगातार कार्य कर रहा है। करीब 267 हेक्टेयर भूमि पर इस आवासीय योजना को विकसित किया जाएगा। इसके लिए 800 से अधिक किसानों की भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
इस योजना में सड़कें, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, स्पोर्ट्स स्टेडियम, पार्क समेत तमाम सुविधाएं लोगों के लिए शामिल होंगी। नई टाउनशिप के लिए नाम का सुझाव आम लोगों से मांगा गया है। चयनित नाम का सुझाव देने वाले को बीडीए 50 हजार रुपये का इनाम भी देगा। यही वजह है कि इनाम पाने के लिए पांच सौ से अधिक लोगों ने टाउनशिप के नाम के लिए सुझाव भेजा है। इनमें उत्तर प्रदेश के ही नहीं दूसरे राज्यों के लोग भी शामिल हैं।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने बताया कि यूपी के साथ ही अन्य राज्यों से नई टाउनशिप के नाम को लेकर करीब 500 से अधिक सुझाव पत्र प्राप्त हुए हैं। जो कि काफी सुखद अनुभव है। जल्द नाम के चयन को लेकर अग्रिम प्रक्रिया आरंभ होगी। इसके लिए चयन समिति गठित की जाएगी।
