कानपुर : दीपावली पर बाजारों में उमड़ी भीड़, यातायात व्यवस्था धड़ाम, जाम में फंसे कई एंबुलेंस
मूलगंज चौराहा, परेड, घंटाघर, मेस्टन रोड, पी रोड समेत कई जगह वाहन उलझे
कानपुर, अमृत विचार। कई दिनों के बाद शहर की सड़कों पर अचानक यातायात का दबाव बढ़ गया। बाजारों में दीपावली, छठ समेत अन्य त्योहारों की खरीददारी के लिए उमड़ी लाखों की भीड़ से शहर का यातायात ध्वस्त हो गया। सोमवार को शहर की बाजारों के आसपास लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
मूलगंज चौराहा से घंटाघर, मूलगंज से मेस्टन रोड, मूलगंज से लाटूश रोड होते हुए डिप्टी पड़ाव चौराहा की ओर भीषण जाम लगा। इसी तरह दीपावली पर खरीदारी के लिए मेस्टन रोड, पी रोड, नवी मार्केट समेत शहर की विभिन्न मार्केटों में भीड़ उमड़ रही।

ग्राहकों के दो पहिया एवं चार पहिया वाहन बीच सड़क पर पार्क किये गये जिससे भीषण जाम लगा रहा। इसी प्रकार पनकी और दादा नगर में वाहनों की लंबी लाइन लगी रही जिसमें कई कूड़ा गाड़ी भी फंसी रही जिससे वहां फंसे राहगीरों का दुर्गंध के कारण बुरा हाल हो गया।
ऐसे ही शाम चार बजे बजरिया थाना के पास से बड़ी ईदगाह, हर्षनगर होते हुए हैलट हॉस्पिटल और हैलट पुल तक हजारों वाहन उलझे रहे जिसमें कई एंबुलेंस भी फंसी रही। इसी प्रकार एक्सप्रेस रोड पर आधी सड़क तक लगी बाजार के कारण घंटाघर से माल रोड तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। हजारों लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
इसी प्रकार शाम 6 बजे गोविंदनगर में भी यातायात का दबाव बढ़ गया जिससे चावला मार्केट से नंदलाल चौराहा तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसी प्रकार गुमटी नंबर पांच में रेलवे क्रासिंग से संत नगर चौराहा पर बाजार के अंदर पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण भीषण जाम लगा रहा। ऐसे ही झकरकटी बस अड्डा, टाटमिल चौराहा पर भी लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
