Amroha: 1.61 लाख लाभार्थियों को मिलेगा उज्ज्वला का लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। दीपावली पर सरकार ने पात्र परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया है। कलेक्ट्रेट में लाभार्थियों को सांकेतिक चेक दिया गया। जिले के करीब एक लाख 61 हजार से अधिक लाभार्थियों को इसका लाभ मिलना है। कार्यक्रम में ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं सभी को लाभ मिल रहा है।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम में गरीब परिवारों को दीपावली पर सरकार की तरफ से तोहफा दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1500 करोड की धनराशि के प्रदेश के 1.86 करोड पात्र परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया जिसका लाइव प्रसारण दिखाया गया। वहीं अमरोहा कलेक्ट्रेट में लाभार्थियों को मुख्य अतिथि विधायक हसनपुर महेंद्र सिंह खड़गवंशी, जिलाध्यक्ष भाजपा उदयगिरी गोस्वामी, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, ब्लॉक प्रमुख अमरोहा गुरेंद्र सिंह ढिल्लो और पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने प्रतीकात्मक रूप से चेक एवं गैस सिलेण्डर प्रदान किये ।

विधायक ने दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निःशुल्क सिलेण्डर रिफिल देना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रदेश वासियों के लिए दीपावली का तोहफा है। सरकार ने पात्रों को निःशुल्क राशन वितरण, आवास, आयुष्मान योजना के अन्तर्गत 5 लाख रुपये तक का इलाज और उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस सिलेण्डर वितरित किये गए। उन्होंने सभी से दिपावली की खरीदारी स्वदेशी उत्पादों से करने का आह्वान किया। डीएम ने बताया कि जिले में 1 लाख 61 हजार 216 लाभार्थियों को उज्जवला योजना के अन्तर्गत लाभान्वित किया जाना है। 

पालिकाध्यक्षा शशि जैन ने कहा कि सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत गरीब और वंचितों को दिये गए निःशुल्क सिलेण्डर घर की आवश्यकता पूरी होने के साथ उन्हें बीमारियों से भी बचाकर सुरक्षा प्रदान करेगा। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सरकार द्वारा बिना भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी को दिया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी रीना कुमारी ने बताया कि योजनान्तर्गत लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम चरण में माह अक्टूबर 2025 से दिसम्बर 2025 तक तथा द्वितीय चरण में जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक निःशुल्क सिलेण्डर रिफिल प्रदान किया जाना है। उज्जवला लाभार्थी केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर अपनी गैस ऐजेन्सी से समयावधि में निशुल्क फ्री रिफिल योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

संबंधित समाचार