दुश्मन के छक्के छुड़ाने को तैयार सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें, लखनऊ के भटगांव में पहली खेप को लांच करेंगे राजनाथ और योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। दुश्मनों के छक्के छुड़ाने को लखनऊ में सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें तैयार हैं। राजधानी के डिफेंस कॉरिडोर में तैयार ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लांचिंग करेंगे। भारत और रूस संयुक्त रक्षा उपक्रम के तहत लखनऊ के भटगांव में स्थापित संयंत्र में ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्माण किया जा रहा है।

भटगांव संयंत्र में एक साल में अभी लगभग 100 सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें तैयार की जाएंगी। आगे चलकर इसमें बढोत्तरी करते हुए 1500 तक करने की तैयारी है। इन मिसाइलों की खासियत यह है कि ये ध्वनि की गति से लगभग तीन गुना रफ्तार से 400 किलोमीटर तक मार करती हैं। इसे जमीन, हवा, और समुद्र से लांच किया जा सकता है। यह मिसाइल रडार से बचकर सटीक निशाना लगाती है। रक्षा मंत्री ने इसी साल 11 मई को इस संयंत्र की शुरुआत की थी। इसके बाद इसमें मिसाइलों का निर्माण शुरू किया गया।

कानपुर में 1500 करोड़ रु. की लागत से गोला-बारूद उत्पादन का संयंत्र

उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, चित्रकूट व झांसी में रक्षा औद्योगिक गलियारे के छह नोड की स्थापना की गई है। कानपुर में अडाणी डिफेंस सिस्टम एंड टेक्नालाजी लिमिटेड ने 1500 करोड़ रुपये की लागत से गोला-बारूद उत्पादन का संयंत्र स्थापित किया है। इसमें भी गोला-बारूद का उत्पादन शुरू कर दिया गया है। अलीगढ़ में भी एमिटेक इलेक्ट्रानिक्स लि. द्वारा उन्नत इलेक्ट्रानिक वारफेयर सिस्टम और सैटेलाइट उपकरणों का निर्माण किया जा रहा है।

ये भी पढ़े : 

यूपी पुलिस कंप्यूटर ग्रेड-ए की सीधी भर्ती, एक और दो नवंबर को कड़े पहरे में होगी परीक्षा 

संबंधित समाचार