मैक्सवेल की चुनी हुई भारत-ऑस्ट्रेलिया की सर्वकालिक वनडे टीम, पहले सचिन को बाहर रखा फिर आखिरी पल में किया शामिल
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू होने वाली है, जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे स्टार्स की बल्लेबाजी देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी बेहद उत्साहित हैं। इससे ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने भारत, ऑस्ट्रेलिया तथा इंग्लैंड के खिलाड़ियों से मिलाकर अपनी सर्वश्रेष्ठ वनडे इलेवन सलेक्ट की, लेकिन इसमें इंग्लैंड का कोई भी नाम नहीं था। शुरुआत में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को जगह नहीं दी, मगर अंत में एक सरप्राइजिंग बदलाव के साथ मास्टर ब्लास्टर को टीम में जोड़ लिया।
मैक्सवेल ने सलामी बल्लेबाजों के तौर पर रोहित शर्मा और डेविड वार्नर का चयन किया। उन्होंने रोहित की तारीफ करते हुए कहा, "रोहित का प्रदर्शन शानदार रहा है, तीन डबल सेंचुरी उनके नाम हैं, 32 शतक और करीब 48 की औसत। मैं वार्नर को इसलिए पसंद करूंगा क्योंकि उनके 22 सेंचुरी, 45 की एवरेज और 97 का स्ट्राइक रेट है।" वार्नर को सचिन पर तरजीह देने के पीछे उन्होंने दाएं-बाएं हाथ के कॉम्बिनेशन का तर्क दिया।
फॉक्स स्पोर्ट्स से बात करते हुए मैक्सवेल को इन तीन देशों से खिलाड़ी चुनने थे, लेकिन एक शर्त थी कि ऑस्ट्रेलिया से ज्यादा से ज्यादा 5 खिलाड़ी ही ले सकते हैं, जिसे वे शुरू में भूल गए। उन्होंने रिकी पोंटिंग, माइकल बेवन, शेन वॉटसन, ग्लेन मैक्ग्रा और ब्रेट ली को शामिल किया। जब नियम याद आया तो सुधार किया और बोले, "वार्नर को बाहर करना पड़ेगा, उनकी जगह सचिन तेंदुलकर को लाऊंगा।"
भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों का दबदबा
मैक्सवेल की टीम में इंग्लैंड के किसी खिलाड़ी को मौका नहीं मिला, जो चौंकाने वाला था। कुल मिलाकर 5 ऑस्ट्रेलियाई और 6 भारतीय खिलाड़ियों को चुना गया। इसमें रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, एमएस धोनी, अनिल कुंबले और जसप्रीत बुमराह जैसे भारतीय स्टार्स शामिल हैं।
मैक्सवेल की सर्वकालिक वनडे XI (भारत, ऑस्ट्रेलिया व इंग्लैंड से)
रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रिकी पोंटिंग, माइकल बेवन, एमएस धोनी (विकेटकीपर), शेन वॉटसन, अनिल कुंबले, जसप्रीत बुमराह, ग्लेन मैक्ग्रा, ब्रेट ली।
