Bareilly News: युवक पर चाकू से हमला... विरोध करने पर कटी उंगली, नवाबगंज से बरेली रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नवाबगंज, अमृत विचार: युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इससे उसके हाथ की अंगुली कटकर गिर गई। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी धमकाते हुए भाग गया। घटना गुरुवार को हुई। घायल युवक ने अपना इलाज कराने के बाद रविवार को थाने में नामजद तहरीर दी है। अभी मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

थाना क्षेत्र के ग्राम ज्योरा मकरंदपुर में गुरुवार सुबह एक युवक पर उसी के गांव के युवक ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बताया कि कमलेश सुबह आठ बजे राइस मिल पर काम करने जा रहा था, तभी गांव के चौराहे पर एक युवक ने उसे रोक लिया और उसकी भाभी के बारे में गंदे व अश्लील कमेंट करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गालियां देते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में कमलेश के बाएं हाथ की अंगुली कटकर नीचे गिर गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।

ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और कटी हुई अंगुली लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि घायल युवक की कटी अंगुली जुड़ना मुश्किल है।

घायल के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसने रविवार को थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार