बाराबंकी : उधार के विवाद में चले लाठी डंडे, बीडीसी समेत 3 घायल
मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बा त्रिलोकपुर में उधार सामान खरीदने को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इस भिड़ंत में एक दिव्यांग क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित तीन लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। एक के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बताते चलें कि कस्बा त्रिलोकपुर निवासी सचिन यादव पुत्र रमाकांत यादव गांव के बाहर स्थित शराब ठेके के निकट लकड़ी की गुमटी में पानी, गिलास सहित नमकीन आदि की दुकान चलाता है। बुधवार की देर शाम कस्बे के ही दीपराज, रत्नेश पुत्रगण शिवलाल उधार सामान मांगने लगे।
दुकानदार सचिन यादव के उधार सामान न देने पर दीपराज आदि गालियां देते हुए चले गये और थोड़ी देर बाद अपने अन्य साथियों के साथ आकर सचिन को लाठी डंडो से पीटना शुरु कर दिया और दुकान में रखा सामान व नगदी उठा ले गये।
वहीं दूसरे पक्ष के दिव्यांग क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक यादव पुत्र शिवलाल का कहना है कि बुधवार की देर शाम उसके भाई दीपराज व रत्नेश खेत से वापस लौट रहे थे, तभी सचिन यादव ने पुरानी रंजिश को लेकर अपने साथी सुनील चौहान पुत्र भारत चौहान, राजकुमार पुत्र राजितराम, मनोज व मंटू पुत्रगण जयकरण, लवकुश पुत्र स्वामीदयाल, धीरज पुत्र लाला, मनीष पुत्र भरतलाल के साथ हमला कर दिया।
दीपराज व रत्नेश भाग कर केशवराम के घर मे घुस गये तो वहां पर भी घर में घुस कर मारपीट की। हमले में अजय व दिव्यांग बीडीसी दीपक यादव के चोटे आयी है। मारपीट की सूचना पर पहुंची त्रिलोकपुर चौकी पुलिस ने घायलों को सीएचसी बड़ागांव मे भर्ती कराया जिसमे सचिन यादव के सिर में गंभीर चोट होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
