टीम इंडिया की सेमीफाइनल से पहले बढ़ी मुसीबत, बांग्लादेश के खिलाफ मैच में प्रतिका रावल को लगी चोट, हो सकती हैं बाहर 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 में सेमीफाइनल के लिए पहले ही क्वालीफाई कर लिया है। लीग चरण का अंतिम मैच बांग्लादेश के खिलाफ नवी मुंबई में खेला जा रहा है, जहां बारिश की वजह से खेल 27 ओवरों तक सीमित रहा और बांग्लादेश ने 119 रन बनाए। इस दौरान फील्डिंग करते हुए भारत की सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावत गंभीर रूप से चोटिल हो गईं और उन्हें तत्काल मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। सेमीफाइनल से ठीक पहले उनकी यह चोट टीम के लिए गंभीर चिंता का विषय बन सकती है।

टखने और घुटने में लगी चोट

बांग्लादेश की पारी के 21वें ओवर की अंतिम गेंद पर शर्मीन अख्तर ने मिडविकेट की दिशा में शॉट लगाया। वहां तैनात प्रतिका ने गेंद रोकने की कोशिश में खुद को चोटिल कर लिया, जिससे गेंद बाउंड्री पार चली गई। बीसीसीआई की मेडिकल यूनिट ने बताया कि प्रतिका का टखना और घुटना प्रभावित हुआ है और वह फिलहाल चिकित्सकों की देखरेख में हैं। चोट लगते ही वह दर्द से कराहती नजर आईं। पहले तो लगा कि स्ट्रेचर की जरूरत पड़ेगी, लेकिन बाद में सहयोगी स्टाफ की मदद से वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर निकलीं।

टूर्नामेंट में प्रतिका का धमाकेदार प्रदर्शन

विश्व कप 2025 में प्रतिका ने अब तक छह पारियों में 51.33 की औसत से 308 रन ठोके हैं, जो उनकी शानदार लय को दर्शाता है। स्मृति मंधाना के साथ उनकी सलामी जोड़ी ने टीम को कई मैचों में मजबूत नींव दी है। यदि 30 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में वह नहीं खेल पाईं, तो यह भारतीय टीम के लिए भारी नुकसान होगा।

संबंधित समाचार