गोकशी की योजना बना रहे शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचा समेत अन्य सामान बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

जगदीशपुर/अमेठी अमृत विचार। थाना जगदीशपुर पुलिस ने रविवार देर रात गोकशी की योजना बना रहे एक शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त को पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मौके से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और गोकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है जानकारी के अनुसार, थाना जगदीशपुर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गौहर पुरवा के पीछे नया का पुरवा के पास नाले की तरफ झाड़ियों में दो व्यक्ति गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। 

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि दो व्यक्ति अंधेरे में कुछ सामान व्यवस्थित कर रहे थे। पुलिस द्वारा घेराबंदी की गई तो उनमें से एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश की पहचान जावेद पुत्र अजीज निवासी पूरे गौहर, नया पुरवा, थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई। 

मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस (315 बोर), एक प्लास्टिक की बोरी, लकड़ी का ठीहा, दो रस्सी, एक चाकू, एक चापड़ तथा एक चटाई बरामद हुई। अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह अपने फरार साथी के साथ मिलकर छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर मारता था और उनका मांस बेचता था। घटना वाली रात भी दोनों गोकशी की तैयारी कर रहे थे। अभियुक्त की निशानदेही पर स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। घायल जावेद को उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।

 

संबंधित समाचार