ध्वजारोहण पर अयोध्या में लाखों की संख्या में भीड़ उमड़ने की संभावना... भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था लागू
अयोध्या, अमृत विचार: श्री राम मंदिर में 25 नवंबर को ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद एक बार फिर प्राण प्रतिष्ठा की तरह श्रद्धालुओं की भीड़ आने की संभावना है। इस दौरान जिला प्रशासन महाकुंभ की तर्ज पर भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था को लागू करने की तैयारी कर रहा है।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री का दौरा 25 नवंबर को प्रस्तावित है। उसी के अनुसार सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। श्रीराम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाले आमंत्रित अतिथियों की रूपरेखा मंदिर प्रशासन से तय की जा रही है। पूरे कार्यक्रम को लेकर श्री राम मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहा है। इस दौरान श्रद्धालुओं को कम से कम दिक्कतों का सामना करना पड़े। इसके आधार पर पूरी व्यवस्था बनाई जा रही है।
कहा कि आने वाले सभी श्रद्धालु चाहेंगे कि कार्यक्रम के बाद उन्हें आसानी से दर्शन मिल सके। इसलिए भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की रूपरेखा पहले से तैयार की जा रही है। इसे लोगों के बीच शेयर किया जाएगा। जिससे लोगों को जानकारी हो और आने वालों के साथ स्थानीय लोगों को कोई समस्या न हो।
कमिश्नर ने कहा कि महाकुंभ एक अलग तरीके का आयोजन था। जिसमें देश-विदेश के लोग आए थे। भीड़ की जो संभावना थी उससे भी अधिक लोग पहुंच गए थे। यहां भीड़ के मद्देनजर व्यवस्था को लेकर अयोध्या ही नहीं आसपास के जिलों से भी समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था की गई थी, इसी तर्ज पर 25 नवंबर के कार्यक्रम को लेकर भी तैयारी की जा रही है। अच्छी व्यवस्था की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः लाखों की ईईजी मशीन ही मिर्गी की शिकार.... जिला अस्पताल में डेढ़ साल से बंद कमरे में फांक रही धूल
