Pilibhit: पहले वीडियो बनाकर परिवार और दोस्तों से माफी मांगी...फिर फंदे से लटककर दी जान
बीसलपुर, अमृत विचार। ससुरालियों की प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने पहले खेत पर पहुंचकर वीडियो बनाया। इसमें अपने परिवार वालों और दोस्तों से माफी मांगी। उसके बाद घर जाकर फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। शव पोस्टमार्टम को भेज पुलिस छानबीन कर रही है।
घटना बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अहिरवाड़ा की है। गांव के ही रहने वाले अनिकेत मिश्रा उर्फ लखन (26) पुत्र रामलड़ैते की शादी करीब सात माह पूर्व शाहजहांपुर जनपद के पुवायां थाना क्षेत्र के ग्राम सतायां बुजुर्ग गांव की रहने वाली युवती से हुई थी। अनिकेत के माता-पिता की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। भाई समेत अन्य परिवार वालों संग वह रहते थे। बुधवार सुबह अनिकेत घर से निकला और फिर गांव में ही एक खेत पर पहुंचा।
वहां पर उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया। जिसमें उसने रोते हुए अपने रिश्तेदारों, दोस्तों से मांफी मांगी। ये भी इशारा किया कि वह खुदकुशी करने वाला है। इसमें पत्नी समेत अन्य ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। वीडियो वायरल करने के बाद वह वापस घर पहुंचा। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे अनिकेत का शव अपने ही मकान में कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला। परिवार वाले कमरे में उसे बुलाने पहुंचे तो शव देख होश उड़ गए।
इसके बाद कुछ देर पहले ही बनाए गए वीडियो के बारे में जानकारी हुई। आसपास के तमाम लोग भी चीख पुकार सुनकर जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने परिवार वालों से भी जानकारी की। उधर, वीडियो तेजी से वायरल होता गया और मामला सीधे तौर पर ससुरालियों की प्रताड़ना से जुड़ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
