रायबरेली : चैंबर में फूट-फूटकर रोए नायब तहसीलदार, बोले- वीआरएस ले लूंगा, जानें पूरा मामला
गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में जमीन प्रकरण में जांच करने के दौरान दबंग ने फोन पर जमकर किया था गालीगलौज
रायबरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर सख्त है। जिले के एसपी भी किसी कीमत पर ढिलाई नहीं बरतने दे रहे हैं। इसके बावजूद दबंगों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। आम जनमानस की कौन कहे जमीन की पैमाइस करने पहुंचे नायब तहसीलदार को फोन जमकर गालीगलौज किया। साथ ही धमकी भी दी।
इस घटना से नायब तहसीलदार इतने भयभीत हो गए कि अपनी बात कहते-कहते फूट-फूटकर रोने लगे। मौजूद लोगों ने जहां शांत कराया। सबसे आश्चर्य की बात तो यह है कि स्थानीय थानेदार इससे पूरी तरह से बेखबर बने हुए हैं। उनकी माने तो ऐसी कोई जानकारी ही नहीं है।
सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार रमाशंकर मिश्रा दो दिन पहले गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के बथुवा खास में एक जमीन के प्रकरण में गए थे। वहां पर उनके साथ दबंगों ने जमकर अभद्रता की थी। इतना ही नहीं फोन पर इतने अपशब्द कहे कि वे बिना कुछ किए ही लौट आए।
बुधवार को प्रकरण में जब कुछ लोगों ने पूछा तो फूट-फूटकर रोने लगे। यह देख मौजूद लोग भी सकते में आ गए। इस दौरान भावुक होकर नौकरी नहीं करने और वीआरएस लेने तक की बात कह दी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर जिले की कानून व्यवस्था को लेकर लोग निशाना लगा रहे हैं।
प्रकरण संज्ञान में है। मामले में एक आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। जिस नंबर से फोन आया है उसकी जांच कराई जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी... प्रफुल्ल कुमार शर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट
