चित्रकूट कोषागार घोटाला : दो कोषागार कर्मियों सहित 15 आरोपियों को भेजा गया जेल, चार महिलाएं भी शामिल
चित्रकूट, अमृत विचार। कोषागार घोटाले के तहत कोतवाली में बुधवार को भी आरोपियों से पूछतांछ की गई। इस दौरान कोषागार के दो आरोपी क्लर्कों की पेंशनरों से पहचान कराई गई। ज्यादातर ने यह स्वीकारा कि इन्होंने ही उनसे बात की थी।
पूछताछ के बाद दोनों कर्मियों के साथ अन्य 13 आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और इसके बाद इनको जेल भेज दिया गया। इन आरोपियों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। करोड़ों का कोषागार घोटाला जिले में चर्चा का विषय बना है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। इस बीच बुधवार को विभिन्न जगहों से पेंशनरों को बुलाया गया और इनका कोषागार के आरोपी क्लर्क अशोक कुमार और विकास से आमना सामना कराया। ज्यादातर ने दोनों को पहचान भी लिया।
कोतवाली प्रभारी श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि दोनों कोषागारकर्मियों सहित अन्य लोगों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर जेल भेज दिया गया है। एक अन्य आरोपी सेवानिवृत्त सहायक कोषाधिकारी अवधेश प्रताप की पुलिस तलाश में जुटी है।
वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेश सिंह ने बताया कि 29 अक्टूबर से अबतक कुल 1,58,25,837 रुपये खाते में वापस कराए जा चुके हैं। बुधवार को पांच पेंशनरों ने 34,63,362 रुपये जमा किए।
