बाराबंकी : महादेवा तालाब पर बनी अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर, दुकानदारों में मचा हड़कंप
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। लोधेश्वर महादेवा के शिवार्चन तालाब की जमीन पर अवैध तरीके से बनाई गई दुकानों और भवनों को शनिवार को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा मुकदमा खारिज किए जाने के बाद धारा 133 के तहत की गई।
लोधेश्वर महादेवा में गाटा संख्या 54 पर रियाज पुत्र कल्लू, इसरार अहमद पुत्र निसार अहमद, दीन मोहम्मद पुत्र जान मोहम्मद सहित 13 लोगों ने अवैध कब्जा कर दुकानों और भवनों का निर्माण कर लिया था। तत्कालीन उप जिलाधिकारी पवन कुमार ने वाद संख्या 385/2023 के तहत अतिक्रमण हटाने का आदेश पारित किया था।
आदेश में यह भी कहा गया था कि अतिक्रमण हटाने में होने वाला खर्च भी कब्जेदारों से वसूल किया जाएगा। कब्जेदारों ने इस आदेश के खिलाफ सिविल कोर्ट में अपील की थी, जिसे शुक्रवार को खारिज कर दिया गया। इसके बाद शनिवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, सीओ गरिमा पंत और तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने पांच जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल की मदद से कार्रवाई शुरू की।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए आसपास के एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह, सीओ फतेहपुर जगत कनौजिया सहित पांच थानों की पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन के अचानक मौके पर पहुंचने से दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
उन्होंने अपने सामान को निकालने में जुट गए, जबकि प्रशासन दुकान खाली कराने तक मौके पर मौजूद रहा। दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना और पर्याप्त समय दिए यह कार्रवाई की, जिससे उन्हें नुकसान हुआ। समाचार लिखे जाने तक अतिक्रमण हटाए जाने की करवाई की जा रही थी। उप जिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल ने बताया कि यह कार्रवाई धारा 133 के तहत की जा रही है।
