Football Competition:अमन की हैट्रिक से लखनऊ ने अलीगढ़ को 4–0 से दी शिकस्त
लखनऊ, अमृत विचार: कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में चल रही पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अलीगढ़ मंडल को 4–0 से पराजित किया। लखनऊ की जीत के नायक रहे अमन, जिन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में हैट्रिक लगाई और टीम को सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर कई मूव बनाए, लेकिन शुरुआती 25 मिनट तक खेल बराबरी पर रहा। इसी बीच लखनऊ के अमन ने अलीगढ़ की डिफेंस को चकमा देते हुए 25वें मिनट में पहला गोल दागा और टीम को बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद लखनऊ के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ गया और उन्होंने खेल पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया।
दूसरे हाफ में अलीगढ़ ने अपनी रणनीति बदलते हुए हमले तेज किए, लेकिन लखनऊ की रक्षापंक्ति के सामने वे बेअसर साबित हुए। खेल के 62वें मिनट में अमन ने साथी खिलाड़ी के पास पर दूसरा गोल कर बढ़त को 2–0 कर दिया। इसके बाद अलीगढ़ ने वापसी की भरपूर कोशिश की, मगर लखनऊ की मजबूत डिफेंस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।
70वें मिनट में अमन ने शानदार मूव के साथ अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए स्कोर 3–0 कर दिया। मैच के अंतिम पलों में 87वें मिनट पर विशेष गौतम ने चौथा गोल दागकर लखनऊ की जीत पक्की कर दी।
