पीलीभीत: लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचलकर बाइक सवार की मौत, चालक भागा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दियोरियाकलां, अमृत विचार। लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली बाइक को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। शव पोस्टमार्टम को भेज पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार में चीख पुकार मची रही।

कस्बा दियोरियाकलां के रहने वाले 27 वर्षीय शिवम गुप्ता पुत्र आनंद कुमार रविवार सुबह बाइक से बीसलपुर जाने के लिए निकले थे। दियोरियाकलां-बीसलपुर रोड पर मकरंदापुर चौराहे के पास पहुंचते ही सामने से आ रही लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली भी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पहिए से कुचलकर बाइक सवार शिवम की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर उसका चालक भाग गया। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। कोतवाल दिगंबर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी की। जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी आ गए। उनका रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वाहन भी कब्जे में ले लिए हैं।

संबंधित समाचार