एटा में कार की चपेट में आने से किसान की मौत: खाद लेकर पैदल घर लौट रहे थे; ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर जताया विरोध
एटा। एटा जिले में रविवार रात मलावन क्षेत्र में कार की चपेट में आने से 45 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र स्थित पथरौआ गांव निवासी किसान विनोद कुमार रविवार रात मलावन कस्बे से खाद लेकर पैदल घर लौट रहा था तभी रास्ते में महुआ खेड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। किसान की मौत की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्होंने विरोधस्वरूप रास्ता जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
उन्होंने बताया कि सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी सकीट कीर्तिका सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे, काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और कार चालक की तलाश की जा रही है, दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
