SIR : कानपुर में आज से एसआईआर शुरू, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, कागज रखें तैयार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष उम्र पूरी हो रही है तो मतदाता बनें, घर-घर सत्यापन का काम 4 नवंबर से 4 दिसंबर 25 तक चलेगा

कानपुर, अमृत विचार। मंगलवार यानी 4 नवंबर 2025 से अपने शहर में मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए एसआईआर का काम शुरु हो रहा है जिसमें बीएलओ घर घर जाएंगे और मतदाता की डिटेल उपलब्ध करेंगे ताकि उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके। जिन लोगों के कई कई मतदाता पहचानपत्र बने हैं, ऐसे मतदाता पहचानपत्र निरस्त किये जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आयोग द्वारा जारी आदेशों एवं परिशिष्टों का गहन अध्ययन कर निर्धारित समयरेखा के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करें। 

प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से घर-घर सत्यापन, नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की सभी प्रविष्टियाँ अभिलेखीय प्रमाणों के आधार पर शुद्ध और पारदर्शी रूप से दर्ज की जाएं। ईआरओ कार्यालयों और निर्धारित सहायता केंद्रों पर आवश्यक सूचना-पुस्तिकाएँ, प्रपत्र तथा मार्गदर्शन उपलब्ध रहेगा।

एसआईआर का ऐसे चलेगा अभियान
  1. घर-घर सत्यापन 04 नवम्बर, 2025 से 04 दिसम्बर, 2025 तक कराया जाएगा।  
  2. 1 जनवरी, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी नागरिक पंजीकरण के पात्र होंगे। 
  3. मतदान केंद्रों का आवश्यक पुनर्गठन 4 दिसम्बर, 2025 तक पूर्ण किया जाएगा।
  4. प्रारूप मतदाता सूची 9 दिसम्बर, 2025 को प्रकाशित होगी। 
  5. दावे और आपत्तियाँ 9 दिसम्बर, 2025 से 8 जनवरी, 2026 तक प्राप्त की जाएंगी।
  6. आपत्तियों का निस्तारण 09 दिसम्बर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक किया जाएगा।
  7. अंतिम मतदाता सूची 07 फरवरी, 2026 को प्रकाशित होगी।
इसे भी समझ लीजिए
  • जिनकी पैदाइश 1 जुलाई 1987 से पहले हुई है, जिनका नाम 2003 के वोटर लिस्ट में हैं, ऐसे वोटर को सिर्फ एन्युमेरेशन फार्म भरकर बीएलओ को देना है और दस्तावेज के रूप में 2003 की वोटर लिस्ट की भाग संख्या, पोलिंग स्टेशन नंबर एवं अपना सीरियल नंबर एन्युमेरेशन फार्म में भरना है।
  •  जिनकी पैदाइश 1 जुलाई 1987 से पहले हुई है लेकिन 2003 के वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो ऐसे वोटर को अपनी जन्मतिथि, जन्म स्थान के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी लिस्ट में कोई एक दस्तावेज जमा करना होगा। 
  • जिनकी पैदाइश 1 जुलाई 1987 और 2 दिसंबर 2004 के बीच हुई है। ऐसे वोटर अपनी जन्मतिथि, जन्म स्थान, मां या बाप में से किसी एक की जन्मतिथि, जन्मस्थान के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई लिस्ट में कोई एक दस्वावेज जमा करना होगा। 
  • जिनकी पैदाइश 2 दिसंबर 2004 के बाद हुई है, ऐसे वोटर को अपनी जन्मतिथि, जन्म स्थान के चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई लिस्ट से किसी एक दस्तावेज के साथ अपने मांप-बाप (दोनों की जन्मतिथि) और जन्म स्थान का दस्तावेज जमा करना होगा।
चुनाव आयोग द्वारा मान्य दस्तावेज

केंद्रीय, राज्य सार्वजनिक उपक्रम के नियमित कर्मचारी/पेंशनभोगी को निर्गत कोई पहचानपत्र, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीआर), सरकारी, स्थानीय प्राधिकरण, बैंक, डाकघर, एलआईसी, सार्वजनिक उपक्रम द्वारा भारत में 1 जुलाई 1987 से पहले जारी किया गया कोई भी पहचानपत्र, प्रमाणपत्र, दस्तावेज। सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाणपत्र। पासपोर्ट, मान्यता प्राप्त बोर्ड/विवि द्वारा जारी मैट्रिकुलेशन, शैक्षणिक पिछड़ा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा कोई जाति प्रमाणपत्र प्रमुख हैं।

कानपुर नगर में विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति
  1. सभी 10 विस में कुल मतदाता 35,76,785 हैं जिनमें पुरुष 19,11,450, महिला 16,65,126, किन्नर 209 हैं।   
  2. सीसामऊ में कुल मतदाता 269873 हैं जिनमें पुरुष 143415, महिला 126456, किन्नर 2 हैं।
  3. आर्य नगर में कुल मतदाता 303969 हैं जिनमें पुरुष 163509, महिला 140422, किन्नर 38 हैं।
  4. किदवई नगर में कुल मतदाता 349984 हैं जिनमें पुरुष 184100, महिला 165857, किन्नर 27 हैं। 
  5. कैंट विस में कुल मतदाता 371001 हैं जिनमें पुरुष 199171, महिला 171789, किन्नर 41 हैं।
  6. कल्याणपुर में कुल मतदाता 364442 हैं, जिनमें पुरुष 191609, महिला 172872, किन्नर 11 हैं।
  7. गोविंद नगर में कुल मतदाता 357487 हैं जिनमें पुरुष 189812, महिला 167656, किन्नर 19 हैं।
  8. बिल्हौर में कुल मतदाता 405088 हैं जिनमें पुरुष 216153 महिला 188921, किन्नर 14 हैं।
  9. बिठूर में कुल मतदाता 372208 हैं जिनमें पुरुष 200154, महिला 172027, किन्नर 27 हैं।
  10. महाराजपुर में कुल मतदाता 453635 हैं जिनमें पुरुष 245293, महिला 208318, किन्नर 24 हैं।
  11. घाटमपुर में कुल मतदाता 329098 हैं जिनमें पुरुष 178234, महिला 150858, किन्नर 6 हैं।

संबंधित समाचार