Bareilly: पर्यटन केंद्र बनी लिलौर झील...नौका विहार और फैमिली ट्रेन का संचालन शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। डीएम अविनाश सिंह के प्रयासों से बुधवार से ऐतिहासिक लिलौर झील किनारे पर्यटकों के लिए फैमिली ट्रेन और नौका विहार का संचालन शुरू हो गया। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार और मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी और डीएम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में फीता काटकर ट्रेन का शुभारंभ किया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि ने पर्यटक विश्राम गृह, मंडपम और ट्रेन स्टेशन यार्ड का शिलान्यास किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने झील में नौका विहार करने के साथ फैमिली ट्रेन में सफर करने का आनंद लिया। जनप्रतिनिधियों ने भूमि पूजन कर यहां बनने वाले पर्यटक गेस्ट हाउस की भी नींव रखी। इस अवसर पर मंत्री धर्मपाल ने कहा कि महाभारत काल में इस यक्ष सरोवर का उल्लेख किया गया है, यह भोग की भूमि नहीं, बल्कि योग की भूमि है। लिलौर झील का विकास धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा, अब यह मनोरम झील पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, यहां के स्थानीय लोग होम स्टे नीति के अंतर्गत पर्यटकों को नियम के अनुसार अपने घर में भी फूडिंग/लाउजिंग की सुविधा उपलब्ध कराकर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने कहा कि महाभारत कालीन यह यक्ष सरोवर पूरे बरेली मंडल के लिए धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण है। अब विकसित की जा रही सुविधाओं के साथ मंडल निवासियों के लिए पर्यटन का मुख्य स्थान बनेगा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि आप लोग इस झील को साफ-सुथरा रखने में हमारा सहयोग दें, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक यहां घूमने के लिए आ सकें। डीएम ने कहा कि इसका प्रचार-प्रसार प्रशासनिक स्तर से किया जा रहा है, जिससे ज्यादा लोग यहां पर घूमने आएं। उन्होंने कहा कि जनपद वासियों व अन्य पर्यटकों के आवागमन की सुविधा के लिए ई-बसों का संचालन लिलौर झील तक कराया जाएगा। गर्मी के मौसम में झील का जल स्तर बना रहे, इसके लिए नलकूप भी लगाए गए हैं, जो पानी की आपूर्ति करते रहेंगे, इसलिए झील का विकास नैनीताल झील की तर्ज पर किया जाएगा।

अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विनय शर्मा ने बताया कि अभी चार डिब्बों की फैमिली ट्रेन चलायी गयी है, जल्द ही एक किलोमीटर के दायरे में ट्रेन चलेगी और बाद में इसे 52 हेक्टेयर की झील के चारों तरफ भी चलाने की योजना है। इस मौके पर स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में समा बांधा। इस मौके पर पर एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक नवाबगंज डॉ एमपी आर्य, जिलाध्यक्ष भाजपा (आंवला) आदेश प्रताप सिंह, सीडीओ देवयानी, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एसडीएम आंवला विदुषी सिंह, उप निदेशक पर्यटन रविंद्र कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार