बदायूं : मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गोवध के आरोपी को किया गिरफ्तार
सहसवान, अमृत विचार। सहसवान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोकशी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस और गोकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसपर गैंगस्टर के दो समेत 10 मामले दर्ज हैं।
पुलिस को रविवार रात सूचना मिली कि एक व्यक्ति जो कई बार गोकशी के मामले में जेल जा चुका है। वह जेल से छूटकर बाहर आया है। वह छोटे बछड़ों का वध करने के लिए जा रहा है। जल्द पहुंचें तो उसे पकड़ा जा सकता है। सहसवान के प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह पुलिस बल के साथ मुखबिर के बताए स्थान टेढ़ा घाट पुल के पास पहुंचे। जहां उस व्यक्ति को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने को कहा। खुद को पुलिस से बचाने के लिए व्यक्ति ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी उसपर फायरिंग की। व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उसने अपना नाम सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर खैरू निवासी एजाद पुत्र नन्हें बताया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसपर गोकशी के कई मामले दर्ज हैं। वह जंगल में घूमने वाले गोवंश का वध करके गोमांस बेचता है। वह इसी उद्देश्य से घूम रहा था। और पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस से बचने के लिए उसने फायरिंग की थी।
पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर पहले से गोकशी के मामले दर्ज हैं। वह गोवंश का वध करते मांस बेचता था। उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के साथ उपनिरीक्षक यशपाल सिंह व गिरीश कुमार, सिपाही शीलेंद्र कुमार, विजय कुंडू, देवेंद्र कुमार, रमन अत्री, पवन कुमार, अजीत कुमार व सुमित कुमार रहे।
