ऐप आधारित होगी जनगणना, सटीक आंकड़ों से बनेंगी बेहतर योजनाएं : डीएम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

बाराबंकी, अमृत विचार। जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के सफल संचालन के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट अयोध्या रोड निकट रसौली में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि जनपद में जनगणना कार्य का शुभारंभ इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह ऐप आधारित और डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे आंकड़ों के संकलन, संधारण और विश्लेषण में काफी सुविधा होगी तथा योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में अधिक सटीकता आएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना जनकल्याण की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण कार्य है। सही और सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है।

जिस प्रकार किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच प्रयोगशाला में विभिन्न परीक्षणों के माध्यम से की जाती है, उसी प्रकार समाज की वास्तविक स्थिति का आकलन भी जनगणना के माध्यम से किया जाता है। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी पूरी गंभीरता और मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें और सही तथा विश्वसनीय आंकड़ों के संकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, ताकि देश के विकास और प्रगति में योगदान दिया जा सके। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा।

प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में वर्ष 2027 में जनसंख्या की गणना की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी निरंकार सिंह ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनगणना कार्य की महत्ता पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारियों को गंभीरता से आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नवाबगंज आनंद तिवारी, मंडल स्तरीय मास्टर ट्रेनर, तहसीलदार नवाबगंज सहित नामित फील्ड ट्रेनर तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार