लापरवाही : जांच रिपोर्ट में बुखार रोगी का हीमोग्लोबिन बता दिया शून्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल में बुधवार को एक बुखार रोगी की पैथोलॉजी लैब से जो जांच रिपोर्ट जारी की गई, उसे देखकर डॉक्टर भी हैरत में पड़ गए। जांच रिपोर्ट में हीमोग्लोबिन शून्य दर्शा दिया गया। डॉक्टर ने रिपोर्ट गलत बताकर मरीज को दोबारा से जांच कराने की सलाह दी।

शहर के मोहल्ला जगतपुर निवासी राशिद ने बताया कि लगातार बुखार आने पर वह शनिवार को जिला अस्पताल में ओपीडी में डॉक्टर के पास पहुंचे। डॉक्टर ने उन्हें खून की जांच कराने की सलाह दी। वह लैब में खून का सैंपल देकर चले गए। बुधवार को उन्होंने लैब में जाकर जांच रिपोर्ट ली। वह जांच रिपोर्ट लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे। डॉक्टर ने जैसे ही रिपोर्ट देखी तो सिर पकड़ लिया। क्योंकि रिपोर्ट में हीमोग्लोबिन शून्य बताया गया था। उन्होंने मरीज को दोबारा से जांच कराने को कहा, लेकिन जब मरीज ने डॉक्टर से दवा लिखने को कहा तो डॉक्टर ने कहा कि चूक वश गलत रिपोर्ट जारी कर दी गई है। इसलिए अब दोबारा से जांच करानी पड़ेगी।

जान से खिलवाड़
अस्पताल प्रशासन भले ही इसे तकनीकी चूक मान रहा हो लेकिन सवाल यह है कि अगर जानकारी के अभाव में कोई मरीज गलत जांच रिपोर्ट के आधार पर इलाज आरंभ करा लेता है तो उसकी जान जोखिम में पड़ सकती है। पहले भी कई बार गलत रिपोर्ट जारी होने के मामले सामने आ चुके हैं।

जिला अस्पताल प्रभारी और एडीएसआईसी डॉ. एएम अग्रवाल ने बताया कि मरीज की जांच रिपोर्ट देने से पहले लैब प्रबंधन को मशीन की रीडिंग से मिलान करना चाहिए, पूर्व में भी कई बार इस प्रकार के दिशा निर्देश लैब प्रबंधन को दिए जा चुके हैं।

 

संबंधित समाचार