Bareilly : 20 किलो डोडा के साथ दो तस्कर दबोचे, पीलीभीत करने वाले थे सप्लाई 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बारादरी थाना पुलिस ने पीलीभीत के बरखेड़ा इलाके में डोडा छिलका की खेप पहुंचाने जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से 20.80 किलो डोडा छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदपुर के गांव तुमड़िया निवासी वीरपाल और गोविंदापुर निवासी वीरेंद्र के रूप में हुई।

बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली कि फरीदपुर क्षेत्र के दो युवक भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर पीलीभीत की ओर जाने वाले हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर पीलीभीत बाईपास से दोनों संदिग्ध बाइक सवारों को रोका तो भागने लगे। पुलिस ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से बोरे में भरा डोडा छिलका बरामद हुआ। 

गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने यह डोडा छिलका बदायूं क्षेत्र के किसानों से खरीदकर इकट्ठा किया था। दोनों इसे पीलीभीत के बरखेड़ा इलाके में सप्लाई करने जा रहे थे, जहां अधिक दाम मिलने की उम्मीद थी। पुलिस के अनुसार दोनों काफी समय से तस्करी में सक्रिय थे और इलाके में छोटे-छोटे तस्करों के जरिए नेटवर्क चला रहे थे। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

 

संबंधित समाचार