बिहार में नई सरकार गठन की कवायद तेज : BJP ने केशव मौर्य को बनाया विधायक दल बैठक का पर्यवेक्षक, इन्हें मिली सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय बोर्ड ने मंगलवार को बिहार में पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के लिये वरिष्ठ पार्टी नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पर्यवेक्षक, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजना ज्योति को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इन तीनों नेताओं की मौजूदगी में बुधवार को पटना में भाजपा दल का नेता चुना जाएगा। ज्ञात रहे कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 89 सीटें जीती हैं।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और जनता दल (यूनाईटेड) जदयूके नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 243 विधानसभा सीटों में से 202 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जबकि इंडिया महागठबंधन को सिर्फ 35 सीटों पर जीत मिली है। इसमें एआईएमआईएम को पांच और बसपा को एक सीट हासिल हुयी है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा के विधायक दल की बैठक बुधवार को होगी। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक केंशव प्रसाद मौर्य और सह पर्यवेक्षक अर्जुन मेघवाल और ज्योति निरंजना की मौजूदगी में विधायक दल का नेता चुनाव जाएगा। इन नेताओं को बिहार भाजपा विधायक दल की बैठक की निगरानी और नेतृत्व चयन प्रक्रिया पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। यह टीम विधायकों की राय जुटाने के साथ अगले नेता के चयन की प्रक्रिया को सुचारु बनाने में मदद करेगी।
सूत्रों के मुताबिक राजग के अन्य दल भी अपना नेता चुनेंगे। इसके बाद राजग विधायकों की एक बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। जिसके बाद श्री कुमार राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। सूत्रों के अनुसार 20 नंवबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस बीच राजधानी दिल्ली में मंगलवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर जदयू नेता ललन सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की तीन घंटे लंबी अहम बैठक खत्म हो गई है। बैठक के बाद श्री झा और श्री सिंह शाह के आवास से बाहर निकलते ही रवाना हो गए। किसी भी दल की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है। माना जा रहा है कि इस बैठक में बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और राजग की आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के बारे में फिलहाल कोई बयान जारी नहीं हुआ है।
