बाराबंकी : विज्ञान प्रदर्शनी में मंत्री सतीश शर्मा बोले- ग्रामीण छात्र बड़े शहरों के विद्यालयों को छोड़ रहे पीछे
एपेक्स एकेडमी में विज्ञान प्रदर्शनी, बच्चों के नवाचार ने बाँधा समां
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। एपेक्स एकेडमी एंड मॉर्डन एजुकेशन कोटवा सड़क में मंगलवार को विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन करते हुए बच्चों की सृजनात्मक सोच की सराहना की।
राज्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों की लगन और नवाचार क्षमता बड़े शहरों के विद्यालयों को भी पीछे छोड़ रही है। महज दो वर्ष पहले स्थापित यह विद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता और प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने इसरो के अंतरिक्ष अभियानों पर प्रभावशाली मॉडल प्रस्तुत किए।
छात्रों ने रॉकेट लॉन्चिंग प्रक्रिया, सैटेलाइट की कक्षा, चंद्रयान और गगनयान मिशन की कार्यप्रणाली को लाइव परीक्षण के माध्यम से समझाया, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। रॉकेट मॉडल की परीक्षण प्रस्तुति को काफी सराहना मिली। सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, भूकंप अलर्ट सिस्टम, रोबोटिक्स, स्मार्ट ट्रैफिक कंट्रोल जैसे विषयों पर तैयार मॉडलों ने प्रदर्शनी को और भी आकर्षक बना दिया।
छोटे बच्चों ने भी सरल वैज्ञानिक सिद्धांतों को इतनी सहजता से समझाया कि अभिभावक प्रभावित हुए बिना न रह सके। ग्रामीण समस्याओं के समाधान वाले मॉडल जैसे सस्ती सिंचाई प्रणाली और कचरा प्रबंधन को खूब सराहा गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत प्रबंधक रवि कांत वर्मा एवं ब्लॉक प्रमुख चंद्र शेखर वर्मा के माध्यम से किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह रिंकू, प्रधान संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह, कमलेश वर्मा, सुरेंद्र मिश्रा, सुधाकर महाराज, मधुकर तिवारी, दिवाकर विक्रम सिंह, अमित त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, स्थानीय नागरिक व मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
