बाराबंकी : मार्ग परिवर्तन लागू, रोके गए लंबी दूरी के वाहन, अयोध्या में कल आएंगे पीएम मोदी, एसपी ने किया भ्रमण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। अयोध्या में श्रीराम मंदिर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। पुलिस का पूरा ध्यान मार्ग परिवर्तन को लेकर है, सोमवार को एसपी डायवर्जन बिंदु पर पहुंचे और सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए। रविवार की रात से लागू मार्ग परिवर्तन 26 नवंबर की शाम तक लागू रहेगा।

अयोध्या में पीएम मोदी के आगमन को लेकर बाराबंकी का पुलिस महकमा कई दिन पहले ही सक्रिय हो गया था। अयोध्या हाईवे पर यातायात पूरी तरह बंद रखने के लिए ही परिवर्तन प्लान बना लिया गया जिसे रविवार की देर रात से लागू कर दिया गया है और यह 26 नवंबर की शाम तक रहेगा।

बाकायदा परिवर्तन स्थल तय कर उन पर पुलिस व यातायात कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। यही नहीं सिटी गार्डेन चौपुला, सफदरगंज गल्ला मंडी व दिलौना मोड़ के पास होल्डिंग एरिया बनाकर इन्हे प्रकाश, जल आदि सुविधाओं से लैस किया गया है। इन जगहों पर लंबी दूरी वाले पांच सौ वाहन खड़े किए जा सकते हैं। छोटी दूरी वाले वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन का नियम रहेगा।

एक बात और, कार्यक्रम के दिन अगर अयोध्या मार्ग पर भीड़ बढ़ती दिखी तो छोटे वाहनों जैसे कार आदि पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जा सकता है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने क्षेत्र में यातायात डायवर्जन का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए साथ ही सतर्क दृष्टि बनाए रखने को कहा।

उन्होने लखनऊ-अयोध्या हाइवे पर चौपुला बाईपास पर यातायात डायवर्जन, सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मार्ग परिवर्तन सख्ती से लागू किया गया है। रुकने वाले वाहनों के लिए भी पूरी व्यवस्था की गई है।

संबंधित समाचार