उत्तर प्रदेश में कंपकपाने वाली सर्दी लेकर लौटी हवाएं... तापमान में लगातार हो रही गिरावट, कई जिलों में कोहरे का सिलसिला जारी
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में हवाएं कंपकपाने वाली सर्दी लेकर लौटी हैं। उत्तर पश्चिमी हवाओं के लौटने से फिलहाल दिन-रात के तापमान में जहां कमी आएगी, वहीं आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बीच कई जिलों में कोहरे का भी सिलसिला जारी रहेगा।
दरअसल, नवंबर का आखिरी सप्ताह जोरदार जाड़ा लेकर आया है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में लगातार पारा गिर रहा है तो वहीं दक्षिण के कई राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है। विज्ञान विभाग के अनुसार, उप्र. में छह दिन बाद उत्तर पश्चिमी हवाएं फिर लौट आई हैं। इससे दिन-रात के तापमान में कमी आने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वहीं, कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को जहां पश्चिमी उप्र. में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है, वहीं पूर्वी उप्र. में मौसम शुष्क रहने और सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना बताई है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 नवंबर के लिए भी मौसम शुष्क रहने और सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र लखनऊ के प्रमुख की ओर से जानकारी दी गई है कि लखनऊ और आस-पास सुबह के समय कुहासा-कोहरा और बाद में आसमान में धुंध रहने की आशंका है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 और 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं कानपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो सीजन (नवंबर) का सबसे कम पारा है। रात का पारा 1.4 डिग्री कम होकर 10.2 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक उत्तर पश्चिमी हवाएं चलती रहेंगी।
