बलरामपुर में बोरिंग के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 3 मजदूर, एक की मौत...दो घायल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बलरामपुर, अमृत विचार। कोतवाली उतरौला क्षेत्र के बनगवां नई बस्ती निवासी 61 वर्षीय छिटाई प्रसाद की मंगलवार दोपहर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। छिटाई प्रसाद नल बोरिंग का कार्य करते थे और दो मजदूरों सैयदुर्रहमान व निब्बर के साथ श्रीदत्तगंज क्षेत्र के पटियाला ग्रिट मजरा सरहसवा में मोहम्मद रफीक के खेत पर नल लगाने पहुंचे थे।

दोपहर करीब 12 बजे बोरिंग के दौरान लगभग 20 फीट लंबी लोहे की पाइप डालते समय वह ठीक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। पाइप के संपर्क में आते ही तीनों करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उतरौला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान छिटाई प्रसाद ने दम तोड़ दिया। दोनों मजदूर उपचार के बाद खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और उन्हें घर भेज दिया गया है।

मृतक छिटाई प्रसाद के दो बेटे मनीष और रजनीश हैं। मनीष का तिलक समारोह हाल ही में सम्पन्न हुआ था और अप्रैल में उसकी शादी तय थी। परिवार की छह बेटियों में से पांच की शादी हो चुकी है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए क्षेत्र में सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।थाना प्रभारी श्रीदत्तगंज अविरल शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़े : 
बहराइच : प्रेमी से मिले धोखे के चलते प्रेमिका ने खाया जहर, हालत गंभीर 

संबंधित समाचार