Bareilly: सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, चार घायल, बैंड बजा रहे युवक को ट्रक ने रौंदा
बरेली, अमृत विचार। जिले में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दोनों ही मामलों में वाहन चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा भोजीपुरा के बिलवा के पास हुआ। यहां शीशगढ़ निवासी मनीष बैंड बजा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। जब तीन अन्य लोग घायल हो गए। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कड़े राम ने बताया कि उनका बेटा मनीष बैंड बजाकर परिवार चलाता था।दूसरा हादसे में बिथरी चैनपुर क्षेत्र के भगवतीपुर निवासी 25 वर्षीय हरेंद्र की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई।
हरेंद्र किच्छा स्थित फैक्ट्री से चोकर लेकर लाला बाबू के साथ बाइक से घर लौट रहा था। देवरनिया के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लाला बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
