संविदा चालक भर्ती का दूसरा दिन भी ठंडा, रोडवेज को कमी पूरी करने में होगी मुश्किल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) में संविदा चालकों की भर्ती अभियान में दूसरे दिन केवल 19 अभ्यर्थी ही पहुंचे। इसमें 14 ही सफल हो पाए। पहले दिन सोमवार को 25 अभ्यर्थी पहुंचे, जिसमें 22 उम्मीदवार सफल हुए थे। लखनऊ क्षेत्र में 200 ड्राइवरों की जरूरत है, लेकिन दो दिन के टेस्ट में केवल 36 अभ्यर्थी ही सफल हो पाए हैं।

अवध बस स्टेशन कैंपस में चल भर्ती प्रक्रिया चल रही है। अवध डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि शादियों का सीजन चलने के कारण ज्यादातर चालक निजी आयोजनों में काम कर रहे हैं। वहां उन्हें बेहतर मेहनताना मिलता है। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि संविदा व्यवस्था में काम का दबाव अधिक और आय अपेक्षाकृत कम है। एक उम्मीदवार ने कहा कि किलोमीटर आधारित भुगतान से पर्याप्त कमाई नहीं हो पाती, जबकि निजी वाहन संचालन या ट्रांसपोर्ट लाइन में अधिक आय मिल जाती है। एक अन्य अभ्यर्थी ने बताया कि ड्यूटी घंटे तय न होने और सुविधाएं सीमित होने के कारण कई लोग रोडवेज में भर्ती होना नहीं चाहते। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को महिला परिचालकों की संविदा भर्ती के लिए रोजगार मेले का आयोजन क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय सप्रू मार्ग पर किया जाएगा।

संबंधित समाचार