अमृत विचार प्रभाव : रैन बसेरों में अव्यवस्थाओं का बसेरा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

नगर आयुक्त ने तीन रैन बसेरों का किया निरीक्षण

बरेली, अमृत विचार। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने गुरुवार को शहर के तीन रैन बसेरों का निरीक्षण किया तो तमाम कमियां मिलीं। कहीं गद्दे ठीक नहीं थे तो कहीं टाइलें उखड़ी मिलीं। शौचालयों में भीषण गंदगी थी। उन्होंने संबंधित कर्मियों को व्यवस्था में सुधार की हिदायत दी।

सबसे पहले वह नगर निगम के ठीक सामने वाले मार्ग पर बने रैन बसेरे में पहुंचे। यहां राहगीरों के लिए जो बेड डाले गए थे, उनपर गद्दे पुराने थे। चादरें भी नहीं थीं। इसपर नगर आयुक्त ने सुधार के निर्देश अधीनस्थों को दिए। इसके बाद वह बदायूं रोड स्थित रैन बसेरे पर पहुंचे। यहां शौचालयों में भीषण गंदगी मिली। बेड पर पड़े गद्दे गंदे थे। वह प्रेमनगर स्थित रैन बसेरे पर भी पहुंचे। यहां कुछ व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। उन्होंने रैन बसेरे के सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। दरअसल, शहर में बने रैन बसेरों में राहगीरों के लिए ठंड से बचाव के इंतजाम नाकाफी हैं। इसका खुलासा बीते दिनों अमृत विचार ने अपनी खबरों के माध्यम से किया था। जिसके बाद नगर निगम के अफसरों की नींद टूटी।

अलाव के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि ठंड के प्रकोप के चलते रैन बसेरों में व्यवस्थाएं चाक चौबंद कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अलाव भी जलवाए जाएंगे। लकड़ी के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी है। हालांकि, निगम के स्टोर में भारी मात्रा में लकड़ियां उपलब्ध भी हैं। नई लकड़ी की खरीद पूरी होने तक इन लकड़ियों से अलाव जलवाएं जाएंगे। वहीं कंबलों की भी खरीद की जाएगी।

संबंधित समाचार