गाजियाबाद में RSS की समन्वय बैठक में शामिल हुए सीएम योगी, करीब 3 घंटे तक इन मुद्दों पर हुई चर्चा
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजियाबाद पहुंचे और नेहरू नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक में शामिल हुए। बैठक में सीएम योगी ने संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और करीब 3 घंटे तक मौजूद रहे। सिटी मजिस्ट्रेट संतोष उपाध्याय के अनुसार, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह 11:45 बजे शुरू हुआ।
इस दौरान उन्होंने RSS के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर गहन मंथन किया। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक पूरे उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली ऐसी समन्वय बैठकों की शुरुआत है, जिसकी पहली कड़ी गाजियाबाद से शुरू की गई है। बैठक के बाद सीएम योगी पुलिस लाइन पहुंचे और वहां से नोएडा के लिए रवाना हो गए।
खास बात यह रही कि बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या, भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह या कोई अन्य प्रमुख भाजपा पदाधिकारी मौजूद नहीं रहे। गाजियाबाद जिले के कोई जनप्रतिनिधि भी बैठक के अंदर शामिल नहीं हुए। हालांकि, डीएम, पुलिस कमिश्नर, नगर आयुक्त, सीडीओ, जीडीए वीसी जैसे प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे, लेकिन वे भी बैठक कक्ष के अंदर नहीं गए। यह बैठक RSS और सरकार के बीच बेहतर तालमेल, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनौतियों पर फोकस वाली मानी जा रही है।
