पीलीभीत: धान खरीद में खेल करने पर फंसे, समिति सचिव और क्रय केंद्र प्रभारी पर FIR

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। शासन स्तर से हुई सख्ती के बाद अब धान खरीद को लेकर जिला स्तर पर अधिकारियों ने सख्ती की है। इसी बीच किए गए निरीक्षण में धान खरीद में खेल भी उजागर हुआ है।  बिचौलिये से धान लेने की बात सामने आने पर क्रय केद्र प्रभारी और समिति सचिव पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस कार्रवाई के बाद खलबली मच गई है। 

बताते हैं कि धान खरीद में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के निर्देश हैं। दो माह पूरे कर चुकी धान खरीद में बिचौलियों को लाभ पहुंचाने का भी शोर मचा रहा। क्रय केंद्रों पर किसान परेशान होते रहे। शासन के निर्देश पर जिला स्तर पर भी सख्ती की गई। जिसके बाद अब खेल करने वाले जिम्मेदारों पर भी एक्शन लिया गया है। बताते हैं कि एआर कोऑपरेटिव डॉ.प्रदीप कुमार ने बीते दिनों बी पैक्स लिमिटेड घुंघचईया समिति परिसर में संचालित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया था। यहां पर केंद्र प्रभारी मौजूद मिले थे। ऑनलाइन क्रय पंजिका का अवलोकन किया गया। जिसके बाद 61 किसानों से 528.02 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी। जिसके सापेक्ष सिर्फ 225.00 मीट्रिक टन धान ही मिल को डिलीवर किया गया था। इसके अलावा किसानों से जब क्रॉस चेक किया गया तो उन्होंने ये बताया कि उन्होंने क्रय केंद्र पर नहीं बल्कि मिल पर ही सीधे धान बिक्री किया था। केंद्र पर तो उन्हें औपचारिकताएं पूरी करने के लिए बुलवाया गया था। इस मामले के उजागर होने के बाद अब कार्रवाई की गई है। पीसीयू संस्था के बीपैक्स घुंघचईया समति परिसर में संचालित क्रय केंद्र के प्रभारी ऋषिकांत और समिति सचिव सहदुल साजुद्दीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। 

4862 किसानों से कॉल कर लिया फीडबैक
अभी तक 30142 किसानों की ओर से धान पंजीकरण कराया जा चुका है। 77 फीसदी किसानों का पंजीकरण तहसील स्तर से सत्यापित भी हो चुका है। 11669 किसान धान क्रय केंद्र पर बेच चुके हैं। उन्हें 16840 लाख रुपये भुगतान भी किया जा चुका है। इधर, क्रय केंद्र पर धान बेचने वाले किसानों से सत्यापन भी संपर्क कर किया जा रहा है। जिसके तहत कंट्रोल रूम के स्तर से अभी तक 4862 किसानों से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क कर फीडबैक लिया जा चुका है।  

संबंधित समाचार