उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी : जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। पूरे उत्तर भारत में रविवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा और अमरनाथ यात्रा आधार शिविर जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान तीन से सात डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि सोमवार और मंगलवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर चलने की ‘‘बहुत अधिक संभावना’’ है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 6.8 डिग्री से अधिक है लेकिन सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था, जबकि सुबह सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत रही। 

मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है, साथ ही धुंध की भी संभावना जताई है। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर रविवार को ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहा। शहर में 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दर्ज किया गया। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर में कश्मीर में रात के तापमान में कई डिग्री की वृद्धि हुई, लेकिन यह हिमांक बिंदु से नीचे रहा। 

अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर में पहलगाम रिसॉर्ट, जम्मू -कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम रिसॉर्ट वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में कार्य करता है। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में 3.2 डिग्री अधिक है। 

उन्होंने बताया कि घाटी का प्रवेशद्वार माने जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में पारा शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग ने छह और सात दिसंबर को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने, लेकिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है, जबकि आठ दिसंबर को उत्तर और मध्य कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। 

हिमाचल प्रदेश में, आईएमडी ने बुधवार तक राज्य के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक बिलासपुर जिले में भाखड़ा बांध के जलाशय क्षेत्र के कुछ हिस्सों और मंडी जिले में बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में सोमवार तक घने कोहरे का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया है। 

पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किये जाने के साथ यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान(4.6 डिग्री सेल्सियस) नारनौल में दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

पंजाब में बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि फिरोजपुर में छह डिग्री, अमृतसर में 6.1 डिग्री, लुधियाना में 6.8 डिग्री और पटियाला में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के भिवानी में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, हिसार में 6.2 डिग्री, सिरसा में 6.6 डिग्री, करनाल में सात डिग्री, रोहतक में 7.8 डिग्री और अंबाला में 9.8 डिग्री रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि राजस्थान भी इसी तरह कड़ाके की ठंड की चपेट में है। सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 2.3 डिग्री से थोड़ा अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, लूणकरणसर (बीकानेर) में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद दौसा में छह डिग्री, चूरू में 6.3 डिग्री, वनस्थली (टोंक) में 6.4 डिग्री और झुंझुनू में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

विभाग ने बताया कि ताजा लेकिन कमजोर एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, जिससे शीत लहर से राहत मिलेगी। झारखंड के कुछ हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं और राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, बोकारो, देवघर, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा और रांची इन आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। आईएमडी मौसम बुलेटिन के अनुसार, गुमला में राज्य में सबसे कम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खूंटी में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

झारखंड की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि डाल्टनगंज में 6.5 डिग्री और जमशेदपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, “झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने के कारण तापमान में गिरावट आई है।” 

उन्होंने कहा, “अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। अगले 72 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।” पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में इस सर्दी में पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया और बीरभूम जिले के श्रीनिकेतन में रविवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले सप्ताह पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में शुष्क मौसम रहेगा तथा उत्तरी जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। दार्जिलिंग 6.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में सबसे ठंडा रहा, जबकि अन्य हिमालयी पर्यटन शहर कलिम्पोंग 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बंगाल के अन्य स्थान जहां रात का तापमान कम दर्ज किया गया, वे हैं अलीपुरद्वार (11 डिग्री), कल्याणी (11.4 डिग्री), पुरुलिया (11.4 डिग्री) और पानागढ़ (11.9 डिग्री)। 

आईएमडी ने कहा कि कोलकाता में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सोमवार को सुबह धुंध छाए रहने का अनुमान है। आईएमडी ने 8 से 12 दिसंबर के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे का पूर्वानुमान लगाया है। 

पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को और ओडिशा में भी मंगलवार तक कोहरे की बहुत संभावना है। आईएमडी के मुताबिक पश्चिम भारत में अगले तीन-चार दिनों में तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। 

संबंधित समाचार