लखनऊ : रात में महिला ने की इंजीनियर की हत्या, सुबह खुद दी पुलिस को सूचना, शव के पास बैठी रहीं मां और बेटियां

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। यूपी की राजधनी लखनऊ के बीबीडी के सालारगंज इलाके में एवररेडी कंपनी में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सूर्य प्रताप सिंह की हत्या शादी से टालमटोल करने पर की गई। हत्या के बाद महिला दोनों बेटियों के साथ पूरी रात शव के पास बैठी रही। सुबह खुद फोन कर पुलिस को हत्या की सूचना दी। सालारगंज इलाके में एवररेडी कंपनी में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सूर्य प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई। वह रत्ना के साथ लिव-इन में रहते थे।

पुलिस के मुताबिक रत्ना ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे उसने सूर्य प्रताप की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों बेटियों के साथ कुछ देर तक उसी कमरे में बैठी रही। फिर दूसरे कमरे में चली गई। सोमवार सुबह करीब 9 बजे रत्ना ने पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। कुछ देर बाद बीबीडी पुलिस व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से हत्या में प्रयोग किया गया चाकू व अन्य साक्ष्य एकत्र किए। 

8

पुलिस के मुताबिक कमरे में सारा सामान बिखरा हुआ था। खून फर्श पर चारों तरफ बिखरा हुआ था। रजाई जमीन पर पड़ी हुई थी। घटनास्थल को देख रहा था कि सूर्य प्रताप ने बचने के लिए काफी संघर्ष किया होगा। जमीन पर बिखरे खून को साफ करने का प्रयास किया गया था। पुलिस से सूचना मिलने पर मृतक के पिता नरेन्द्र, चाचा व अन्य परिजन भी पहुंच गए। 

पिता ने बताया कि रविवार को दिन में सूर्य प्रताप से बात हुई थी। तब उसने कोई ऐसी बात नहीं बताई थी कि उसका विवाद हुआ है। जान को खतरा है। उन्होंने बताया कि रत्ना ने सूर्य प्रताप को भैया-भैया कहकर मदद मांगी। बेटे ने उसकी मदद की। पिता ने कई बार सूर्य से दोनों के संबंधों के बारे में पूछा था। पर, उसने किसी तरह के अफेयर से इनकार किया था। पिता ने बताया कि सूर्य की शादी के लिए लड़की भी देख रहे थे। आरोप है रत्ना सूर्य प्रताप का मकान हड़पना चाहती थी।

रत्ना ने लगाया पैसा, सूर्या ने अपने नाम खरीदा मकान

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रत्ना ने बताया कि सूर्य प्रताप ने शादी का झांसा दिया था। पर, शादी की बात करने पर टालमटोल करता था। यही नहीं उसका दावा है कि उसे पति की जो पेंशन मिलती थी, उससे रुपये बचा कर सूर्य को देती थी। उसी के रुपये से सारालगंज स्थित मकान खरीदा गया था। पर, सूर्य प्रताप ने मकान सिर्फ अपने नाम करा लिया था। इस बात का वह विरोध करती थी। 

रत्ना का कहना था कि उसके रुपये से खरीदी गए मकान को उसके नाम किया जाए या उसकी बेटियों के नाम। पर, सूर्य प्रताप यह बात नहीं मान रहा था। रत्ना के मुताबिक कार की किस्त वहीं भरती थी। उस कार से सूर्य चलता था। रत्ना ने पुलिस को दिए बयान में यह आरोप भी लगया है कि सूर्य उसकी दोनों नाबालिग बेटियों पर गलत नजर रखता था। बेटियों ने इस बारे में रत्ना को बताया था। उसने विरोध भी किया था। पुलिस के मुताबिक कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

अक्सर होता था दोनों में विवाद

पुलिस के मुताबिक छानबीन में सामने आया है कि पिछले कुछ महीनों से सूर्य और रत्ना में आए दिन विवाद होने लगा था। दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। इस बात की पुष्टि मोहल्ले के लोगों ने भी की है। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि रविवार देर रात भी घर से झगड़े की आवाजें आ रहां थीं। आए दिन दोनों के बीच विवाद होता था। इस लिए मोहल्ले के लोगों ने ध्यान नहीं दिया।

संबंधित समाचार