रामपुर : पर्वतपुर में गन्ने के खेत में मिला तेंदुए का बच्चा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

वन विभाग के दरोगा ने बताया जंगली बिल्ली का बच्चा

दढ़ियाल, अमृत विचार। सोमवार सुबह पर्वतपुर के जंगल में गन्ने के खेत में काम कर रहे मजदूरों को एक तेंदुए का बच्चा मिला। बच्चे को देखकर मजदूरों में कौतूहल फैल गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बच्चे को रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई। वन विभाग के दरोगा कुलवीर सिंह ने जंगली बिल्ली का बच्चा बताया है।

घटना चौकी क्षेत्र के गांव मेवला कलां निवासी सूबे सिंह के खेत में हुई। खेत खांडीखेड़ा कुंडेसरा मार्ग पर नहर के किनारे पर्वतपुर के जंगल में स्थित है। मजदूर गन्ने की कटाई कर रहे थे, तभी उनकी नजर खेत के अंदर बच्चे पर पड़ी। बच्चे को देखते ही मजदूरों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिससे आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य मजदूर भी मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने बच्चे को सावधानी से उठाकर एक सुरक्षित स्थान पर रखा। तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया। ग्रामीण संजय चौधरी, सतवीर सिंह चौधरी, अतर सिंह, चतर सिंह, ओमपाल सिंह आदि ने दावा किया कि यह तेंदुए का बच्चा है। क्योंकि उन्होंने पहले भी इस खेत के आसपास तेंदुआ देखा है। हालांकि वन विभाग के दरोगा कुलवीर सिंह ने बताया कि यह जंगली बिल्ली का बच्चा है। इस दौरान वन विभाग की टीम में दरोगा कुलवीर सिंह के साथ शील कुमार, श्रावण कुमार, लाल सिंह, रॉबिन सिंह और गौतम सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार