Bareilly : सूरज के नहीं हुए दर्शन...प्रदेश में सबसे ठंडा रहा दिन, पारा हुआ धड़ाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को पूरे दिन सूरज निकलने से अधिकतम तापमान और लुढ़क गया और प्रदेश में सबसे ठंडा दिन बरेली का रहा। वहीं घने कोहरे की वजह से तीसरे दिन दृश्यता शून्य रही। 

मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बहुत घने कोहरे और शीत दिवस का रेड अलर्ट और शुक्रवार और शनिवार को घने कोहरे का आरेंज और रविवार को येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस कम 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 

अधिकतम और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री से भी कम का अंतर रहा। घने कोहरे की वजह से रात के साथ दिन में भी वाहनों की हेड लाइट जलाकर चलना पड़ा। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार के अनुसार अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

 

संबंधित समाचार