कफ सिरप में वांछितों से रिश्ते की स्थिति स्पष्ट करे सपा, ब्रजेश पाठक ने दिखाई अखिलेश के साथ तस्वीरें
लखनऊ, अमृत विचार : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को कफ सिरप में वांछित लोगों के समाजवादी पार्टी के मुखिया के तस्वीर मीडिया से साझा की। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया के दाएं और बाएं खड़े कफ सिरप में वांछित लोगों से क्या रिश्ते हैं, इसे स्पष्ट करें।
उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सपा कफ सिरप के वांछितों को क्यों सम्मान देने का काम कर रही है। ये लोग प्रदेश सरकार को बदनाम कर रहे हैं। ये समूह सपा के सदस्य हैं। इनका पालन पोषण सपा ने किया है। उन्होंने कहा कि सपा अपना पाप सरकार पर मढ़ रही है। सरकार कफ सिरप मामले की निष्पक्ष जांच करा रही है। जल्द ही जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। ब्रजेश पाठक ने कहा कि लगातार प्रदेश को वन डिस्ट्रिक वन माफिया, भ्रष्टाचार, कदाचार, गुंडागर्दी की ओर धकेलने वाले सपा के लोग अपने गिरेबान में झांक कर देखें। हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ निष्पक्ष जांच कर रही है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जांच के लिए सिरप टास्क फोर्स बने : अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नकली और जहरीली कोडीन कफ सिरप के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि जब खुद फंस जाओ तो दूसरे पर इल्जाम लगाओ। ये खेल बहुत पुराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध और जहरीली कफ सिरप मामले की जांच कर रही एसटीएफ भी अवैध कारोबारियों से मिली हुई है। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोडीन कफ सिरप के मामले की सच्ची जांच के लिए ईमानदार लोगों की एक सिरप टास्क फोर्स मतलब एसटीएफ बननी चाहिए। सपा नेता ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश से लेकर देश के अन्य राज्यों तक फैले हजारों करोड़ के इस अवैध कारोबार को भाजपा सरकार का संरक्षण मिला हुआ है।
भाजपा सरकार में इसी तरह से अन्य कई अवैध कारोबार हो रहे हैं। जिलों-जिलों में भूमाफिया सरकारी और गरीबों की जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा कर रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। यह सरकार गरीबों और बच्चों की जिन्दगी के साथ खेल रही है। नकली कफ सिरप के कारोबारियों पर सरकार का बुलडोजर खामोश है। वाराणसी से शुरू होकर यह अवैध कारोबार जिले-जिले होते हुए अन्य प्रदेशों और विदेश तक पहुंच गया।
