कंपनी गार्डन में लीजिए अब कृत्रिम झील का आनंद, बनेगा धार्मिक के साथ प्राकृतिक पर्यटन का केंद्र
8.42 करोड़ की लागत से बनाई जा रही झील
अयोध्या, अमृत विचार: सरयू के तट गुप्तार घाट पर उद्यान विभाग के कंपनी गार्डन को ईको टूरिज्म का हब बनाए जाने का प्रयास शुरू हो गया है। अब यहां शहर के लोग कृत्रिम झील का आनंद ले सकेंगे। कृत्रिम झील का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
गुप्तार घाट पहले से ही धार्मिक के साथ टूरिस्ट प्लेस हैं। यह स्थान पौराणिक हैं। सरयू तट पर ही राम जानकी का पौराणिक मंदिर है। इसके साथ ही पंचमुखी हनुमान मंदिर और मरीमाता मंदिर हैं। जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। उद्यान विभाग ने कंपनी गार्डेन की स्थापना पहले कर रखी है। अब उद्यान विभाग इसे ईको टूरिज्म बनाने की राह पर है। गर्मियों में सरयू तट पर झील के आनंद के लिए कृत्रिम झील बनाने का काम शुरू हो गया है। अब तक जिले में कोई कृत्रिम झील नहीं बनाई गई थी। लगभग 8.42 करोड़ रुपये से झील सहित उसे संवारा जा रहा है। इसका निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (यूपीआरएनएसएस) निर्माण करा रहा है। बताया गया है कि झील की लंबाई लगभग दो सौ मीटर व चौड़ाई 80 मीटर और गहराई डेढ़ मीटर है। सहायकत अभियंता संजय सिंह बताते हैं कि साल 2026 के जून तक इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। गुप्तारघाट को श्रद्धालु व पर्यटकों के लिए आकर्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
