अरावली बचेगी तो ही NCR बचेगा... बोले अखिलेश, सपा प्रमुख ने लंबी पोस्ट में बताया ये क्यों है जरूरी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने देशवासियों के नाम जारी संदेश में अरावली पर्वतमाला को बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अरावली को बचाना कोई विकल्प नहीं, बल्कि एक संकल्प होना चाहिए, क्योंकि यह दिल्ली और एनसीआर के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच का काम करती है। चेतावनी दी कि यदि अरावली नहीं बची, तो एनसीआर का भविष्य भी सुरक्षित नहीं रहेगा।

सपा प्रमुख ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा कि अरावली पर्वतमाला वायु प्रदूषण को कम करने, वर्षा जल संरक्षण और जैव विविधता को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। एनसीआर में शेष बचे वेटलैंड, पक्षी और प्राकृतिक संतुलन अरावली की वजह से ही संभव हैं। यह पर्वतमाला क्षेत्र के तापमान को नियंत्रित करती है और दिल्ली की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक विरासत का भी अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अरावली को बचाना, दरअसल दिल्ली के भविष्य को बचाना है, अन्यथा दिल्लीवासी स्मॉग जैसे जानलेवा हालात से कभी बाहर नहीं निकल पाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदूषण का सबसे गंभीर असर बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों पर पड़ रहा है। विश्व प्रसिद्ध अस्पताल और मेडिकल सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। हालात नहीं सुधरे तो दिल्ली उत्तर भारत के प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान खो सकती है, जिससे पर्यटन, व्यापार और बड़े आयोजनों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। 

उन्होंने सभी नागरिकों, व्यापारियों, संस्थानों और मीडिया से ‘अरावली बचाओ’ अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अवैध खनन को वैध बनाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अरावली को बचाना मतलब खुद को बचाना है और जनता को एकजुट होकर इस विनाशकारी राजनीति का जवाब देना होगा।

ये भी पढ़े : 
बिजनौर में पीछे से कार ने डंपर को मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत 

संबंधित समाचार