बदायूं: किन्नर के घर डकैती करने का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
बदायूं, अमृत विचार। फैजगंज बेहटा पुलिस ने किन्नर टीना के घर पर डकैती करने के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके पास से एक तमंचा दो खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। इससे पहले पुलिस नौ आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में आसफपुर मार्ग पर किन्नर टीना का मकान है। 20 अक्टूबर को वह अपने साथी और परिजनों के साथ घर पर सो रहे। इसी दौरान नकाबपोश बदमाश रसोई की खिड़की काटकर घर में घुसे। किन्नर टीना, उसके भाई विजय व उसकी पत्नी को गन प्वाइंट पर ले लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की। रुपये, सोने-चांदी के जेवर और सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर उखाड़कर साथ ले गए थे।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस को मामला चोरी का लगा तो कभी संदिग्धता प्रतीत हो रही थी लेकिन जांच शुरू की गई तो परत दर परत घटना खुलती गई। पुलिस ने 26 अक्टूबर की रात डकैती के माल का हिस्सा बांट कर रहे बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था।
पुलिस उनके अन्य सहयोगियों की तलाश का रही थी। उन पर इनाम घोषित किया गया था। रविवार रात फैजगंज बेहटा के थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह मुखबिर की सूचना पर पुलिस बल के साथ आसफपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बिजली घर से सटकर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति को रुकने के लिए इशारा किया। वह युवक पुलिस पर फायरिंग करता हुआ भागने लगा। गोली थानाध्यक्ष के पास से होकर गुजरी। पुलिस ने घेराबंदी करके हुए जबावी फायरिंग की। युवक दाहिने पैर में गोली लगने से घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से सोने का एक हार, एक जोड़ी झुमके, एक अंगूठी, एक ब्रेसलेट बरामद हुआ।
उसने अपना नाम जिला अमरोहा के थाना नौगवां सादात क्षेत्र के गांव नालूखुर्द निवासी नाशिद पुत्र ताहिर बताया। उसे आसफपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर इलाज कराया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर किन्नर के घर डकैती डाली थी। आरोपी पर 2022 से अब तक जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट, आपराधिक कानून अधिनियम नौ मामले दर्ज हैं।
