Barabanki Crime News: विवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे से लटकते मिले दो युवक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/जैदपुर, बाराबंकी, अमृत विचार। दो युवकों व एक विवाहिता के शव फांसी के फंदे से लटके मिले। 49 दिन पहले विवाहिता की संदिग्ध मौत में दहेज हत्या का आरोप लग है। वहीं एक युवक ने पत्नी से झगड़े के बाद फांसी लगी ली। तीसरी घटना भी अभी तक संदिग्ध ही है।

पहली घटना में रविवार की शाम घर से निकले एक व्यक्ति का शव सोमवार की सुबह फांसी के फंदे से लटकता मिला। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम सेंधवा निवासी रणधीर सिंह पुत्र वासुदेव सिंह रविवार की शाम किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। सोमवार की सुबह गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित एक पेड़ पर उनका शव मफलर के सहारे फांसी के फंदे से झूलता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। 

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

दूसरी घटना जैदपुर मोहल्ला मौलवी कटरा की है। यहां 22 वर्षीय मारिया पत्नी मोहम्मद इस्लाम राईन का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतका का मायका बंकी उत्तर टोला बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार मारिया का निकाह बीती 10 नवंबर को हुआ था। आरोप है कि घटना वाली रात करीब एक बजे पति मोहम्मद इस्लाम ने मृतका के भाई को फोन कर मारिया द्वारा फांसी लगाने की सूचना दी और फोन काट दिया। 

सुबह करीब चार बजे जब पुलिस के साथ मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो मारिया का शव बेड पर लिटाया हुआ मिला। मृतका के गले पर चोट व कसने के निशान पाए गए, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही। पुलिस ने पति मोहम्मद इस्लाम और उसकी मां बानो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मोहम्मद इस्लाम जैदपुर में बाइक मिस्त्री का काम करता है।

तीसरी घटना जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मकबूलगंज की है। यहां के रहने वाले 22 वर्षीय सुरेंद्र गौतम पुत्र ननकऊ का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार सुरेंद्र का विवाह करीब तीन महीने पूर्व हुआ था। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद शाम को पत्नी कुसुम को उसका बहनोई मायके जैदपुर के बभुनी मोहल्ला ले गया था।

इसके बाद सुरेंद्र ने खाना खाया और सो गया। सुबह करीब आठ बजे वह अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे ताड़ के छल्ले से लटका मिला। सुरेंद्र मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संबंधित समाचार