केसी वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र : ईसाई विरोधी हिंसा पर निर्णायक कार्रवाई की अपील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर ईसाई समुदाय के खिलाफ हिंसा की हालिया घटनाओं पर चिंता जताई और आग्रह किया कि सरकार निर्णायक कार्रवाई करे ताकि ऐसी घटनाएं भविष्य में न हों। उन्होंने यह दावा भी किया कि ऐसे विषय पर प्रधानमंत्री और सरकार की ‘‘चुप्पी’’ नफरत फैलाने वालों को प्रोत्साहित करती है। 

वेणुगोपाल ने पत्र में कहा, ‘‘मैं भारत के ईसाई अल्पसंख्यक समुदाय के विरुद्ध बढ़ती हिंसा और डराने-धमकाने की घटनाओं को लेकर गहन व्यथा और चिंता के साथ आपको लिख रहा हूं। यह हमारे लोकतंत्र की बुनियाद-धार्मिक स्वतंत्रता, समानता और गरिमा-को दिए जा रहे संवैधानिक आश्वासनों पर एक खुला हमला है। यह केवल अलग-थलग कट्टरता नहीं है, बल्कि नफरत फैलाने का एक सुनियोजित प्रयास है, जो हमारे राष्ट्र की बहुलतावादी आत्मा को खोखला कर रहा है।’’ 

उन्होंने हाल की कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केरल तक में दक्षिणपंथी संगठनों के माध्यम से असहिष्णुता का यह ज़हर फैल चुका है। वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘ये घटनाएं अलग-थलग नहीं हैं, बल्कि ‘भारत की अवधारणा’ के मूल पर किए गए घाव हैं। जब सरकारी व्यवस्था अपने नागरिकों को भीड़तंत्र के हवाले कर देती है, तब हम “सबका साथ, सबका विकास” का उपदेश कैसे दे सकते हैं?’’ 

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री और सरकार की चुप्पी नफरत फैलाने वालों को प्रोत्साहित करती है और अल्पसंख्यकों के विरुद्ध हिंसा के लिए मानो खुला निमंत्रण देती है। कांग्रेस नेता का कहना था, ‘‘यह पूर्णतः अस्वीकार्य है।’’ वेणुगोपाल के अनुसार, नए वर्ष के आने में केवल कुछ ही दिन शेष हैं, ऐसे में सरकार को किसी भी प्रकार की हिंसा और उत्पात को रोकने के लिए अत्यधिक सतर्कता और ठोस कदम उठाने चाहिए। 

उन्होंने कहा, ‘‘अतः मैं सरकार से तत्काल और निर्णायक कार्रवाई की मांग करता हूं कि इस विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया जाए, यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसी हिंसक घटनाएं भविष्य में न हों, और देश के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भय के अपनी पसंद के धर्म का पालन करने का संवैधानिक अधिकार सुरक्षित रूप से प्राप्त हो।’’ 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू, बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; 200 बच्चों की पढ़ाई पर भी मंडराया संकट
कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म