बाराबंकी : शादी के 49 दिन बाद विवाहिता की मौत, बेड पर पड़ा मिला शव, पति समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। 49 दिन पहले ब्याही गई विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने फांसी लगाने की खबर दी वहीं मौके पर पहुंचे मायका पक्ष को शव बेड पर पड़ा मिला। वहीं गले पर चोट व कसने के निशान मिले। मृतका के पिता ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार यह घटना जैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा स्थित मोहल्ला कटरा की है। यहां के रहने वाले मोहम्मद इस्लाम राइन की पत्नी मारिया 22 की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार की देर रात पति इस्लाम ने मारिया के मायके में भाई को मोबाइल पर यह बताकर कि उसकी बहन ने फांसी लगाकर जान दे दी है, फोन काट दिया। इससे मायका पक्ष सशंकित हो गया। सोमवार की भोर मायका पक्ष मारिया की ससुराल पहुंच गया।

आरोप है कि ससुराल में मारिया का शव बेड पर पड़ा हुआ था। वहीं मृतका के गले पर चोट व गला कसे जाने के निशान भी मिले। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी ओर मारिया के पिता वसीम ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति इस्लाम व उसकी मां बानो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की है।

बता दें कि शहर कोतवाली क्षेत्र में उत्तर टोला बंकी की रहने वाली मारिया का निकाह गत 10 नवंबर को हुआ था। पति इस्लाम बाइक मिस्त्री है। चर्चा इसी बात की है कि आखिर शादी के कुछ ही वक्त बाद ऐसा क्या हुआ कि मारिया को जान गवांनी पड़ गई। पिता वसीम के अनुसार उसने काफी दहेज दिया, कर्ज लेकर बाइक दी, इसके बावजूद कार व नकदी मांगी जा रही थी। एसओ संतोष सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

संबंधित समाचार